अंबा (औरंगाबाद)। कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र में गहराते जल संकट और सूखे के हालात को लेकर विधायक ललन भुईयां ने शनिवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित बहुउद्देशीय भवन में प्रेस वार्ता कर प्रशासन और सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक खैरा वितरणी में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे आमरण अनशन पर बैठेंगे।
विधायक ने कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में अब तक मात्र 10 प्रतिशत धान की रोपनी हो सकी है, जिससे किसानों के सामने अकाल जैसे हालात बन गए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन भी सरकार को अपनी रिपोर्ट भेज चुका है।
उन्होंने सिंचाई योजनाओं में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि महुअरी नहर में करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद कार्य अधूरा है। मल्हा-सल्हा पोखरा योजना में देरी के लिए भी संबंधित एजेंसियों को जिम्मेदार ठहराया। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने लघु जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता से फोन पर बात कर शीघ्र समाधान की मांग की।
विधायक ने कहा कि बसडीहा कैनाल में पानी की आपूर्ति, हडियाही डैम की व्यवस्था में सुधार तथा सोन नदी से लिफ्ट इरिगेशन योजना लागू करने की मांग सरकार के समक्ष रखी गई है। साथ ही सूखे की स्थिति को देखते हुए किसानों का बिजली बिल माफ करने की मांग भी दोहराई।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना में बिचौलियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रेस वार्ता के बाद विधायक ने खैरा वितरणी का निरीक्षण कर अधिकारियों को अविलंब पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
