नशामुक्त बिहार के लिए 27 अक्टूबर से महाअभियान, गांव-शहर से स्कूल-कॉलेज तक चलेगा जागरूकता कार्यक्रम

पटना : बिहार को नशामुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार 27 अक्टूबर से एक महीने का विशेष महाअभियान शुरू करेगी। 26 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान का शुभारंभ मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी नशामुक्ति वाहिनी को हरी झंडी दिखाकर करेंगे। अभियान के तहत शराब के साथ गांजा, स्मैक, चरस और अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की ओर से चलाए जाने वाले इस अभियान में गांवों, शहरों, पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों को शामिल किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य युवाओं को नशे से दूर रखने और परिवार व समाज पर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

छठ घाटों से पंचायतों तक पहुंचेगा नशामुक्ति का संदेश

नशामुक्त बिहार महाअभियान के दौरान सोशल मीडिया, रेडियो जिंगल, आडियो-वीडियो संदेश और नगर निगम के वाहनों पर पोस्टर-बैनर के माध्यम से प्रचार किया जाएगा। चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक, मानव श्रृंखला और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रमुख स्थानों पर नशामुक्त बिहार सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।

छठ महापर्व के दौरान घाटों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

जीविका दीदियां घर-घर जाकर करेंगी जागरूक

अभियान में जीविका दीदियों को नशामुक्ति मित्र की जिम्मेदारी दी गई है। वे घर-घर जाकर महिलाओं और परिवारों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगी। ब्रह्माकुमारी संस्था के सहयोग से जीविका के क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) और स्कूल-कॉलेजों में भी जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।

विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने के लिए वाद-विवाद, निबंध लेखन, कविता पाठ, पोस्टर मेकिंग और खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।

नशे के खिलाफ शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर

शराब और नशीले पदार्थों से संबंधित शिकायत दर्ज कराने के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 15545 और 18003456268 जारी किए हैं। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के जरिए सरकार नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और समाज की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *