पटना। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर पटना जू में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन चित्रकला एवं पोस्टर प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में राज्यभर के छात्र-छात्राएं घर बैठे भाग ले सकते हैं। प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 3 जून 2026 की रात 11 बजे निर्धारित की गई है।
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित – जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” रखी गई है। इसी थीम को केंद्र में रखते हुए प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, ताकि बच्चों और युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

पटना जू प्रशासन के अनुसार प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति और पर्यावरण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी रचनात्मक सोच को चित्र और पोस्टर के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर देना है। साथ ही युवाओं को पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण अधिकांश स्कूल बंद हैं। इसे ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता को पूरी तरह ऑनलाइन रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसमें भाग ले सकें। प्रतिभागी अपने घर पर चित्र या पोस्टर बनाकर ऑनलाइन माध्यम से जमा कर सकते हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक छात्र अपनी प्रविष्टियां पटना जू की आधिकारिक वेबसाइट patnazoo.bihar.gov.in या ई-मेल patnazoodigital@gmail.com पर भेज सकते हैं। सभी प्रविष्टियां 3 जून 2026 की रात 11 बजे तक स्वीकार की जाएंगी।
पटना जू प्रशासन ने बिहार के सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण के संदेश को मजबूत बनाने के लिए इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
