अहमदाबाद: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीत ली। इसके साथ ही बेंगलुरु आईपीएल इतिहास की तीसरी टीम बन गई जिसने लगातार दो सीजन में खिताब जीतने का कारनामा किया है।
इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010-11 और मुंबई इंडियंस ने 2019-20 में लगातार दो बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। फाइनल में विराट कोहली ने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

RCB के गेंदबाजों ने गुजरात को 155 रन पर रोका
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी बेंगलुरु की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन तक सीमित कर दिया। जोश हेजलवुड ने 2 विकेट लेकर गुजरात की शुरुआत बिगाड़ी, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने भी 2 अहम विकेट झटके।
गुजरात के लिए वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे अधिक 50 रन बनाए। उन्होंने 37 गेंदों में पांच चौकों की मदद से अर्धशतक जड़ा, लेकिन दूसरे बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। कप्तान शुभमन गिल 10 और साई सुदर्शन 12 रन बनाकर आउट हो गए, जिससे टीम दबाव में आ गई।

विराट-वेंकटेश ने दिलाई विस्फोटक शुरुआत
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े और टीम ने महज 3.3 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए।
वेंकटेश अय्यर 32 रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल भी सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि विराट कोहली ने एक छोर संभाले रखा और गुजरात के गेंदबाजों को वापसी का मौका नहीं दिया।
राशिद खान ने बढ़ाया रोमांच
गुजरात के स्टार स्पिनर राशिद खान ने 9वें ओवर में कप्तान रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या को आउट कर मैच में रोमांच पैदा कर दिया। लगातार विकेट गिरने से RCB पर दबाव बढ़ा, लेकिन विराट कोहली ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी जारी रखी।
विराट कोहली का धमाकेदार अर्धशतक
विराट कोहली ने केवल 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और फाइनल में मैच विनिंग पारी खेली। उन्होंने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। विराट की बल्लेबाजी के दम पर बेंगलुरु ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
RCB ने रचा इतिहास
इस जीत के साथ रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB ने लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विराट कोहली का प्रदर्शन फाइनल का सबसे बड़ा आकर्षण रहा। बेंगलुरु ने न सिर्फ खिताब बचाया बल्कि आईपीएल इतिहास में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा दिया।
