चिंतावन बिगहा गोलीकांड मामले में फरार दूसरा अपराधी गिरफ्तार

अंबा, औरंगाबाद। कुटुंबा थाना क्षेत्र के चिंतावन बिगहा गांव निवासी सुनील कुमार उर्फ अरुण पांडे को पुत्र की शादी के दिन गोली मारने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी राकेश कुमार पटना जिले के नेउरा थाना क्षेत्र के बेला लक्ष्मणपुर गांव निवासी शोषक यादव का पुत्र है। वह वर्तमान में अमहारा थाना क्षेत्र के चकमुंज्जे गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। कुटुंबा पुलिस के प्रयास से मनेर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे बेउर जेल भेज दिया है। हालांकि मामले का मुख्य आरोपी एवं दुल्हन का कथित प्रेमी दिलीप कुमार तथा एक अन्य आरोपी दिनेश उर्फ जट्टा अब भी फरार हैं। पुलिस दोनों के खिलाफ न्यायालय से इस्तेहार निर्गत करा चुकी है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार दिलीप कुमार ने शादी रुकवाने की नीयत से दूल्हे या उसके पिता की हत्या कराने के लिए डेढ़ लाख रुपये में सुपारी दी थी। इसके लिए 50 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे। मामले में पहले आरोपी जितेंद्र की गिरफ्तारी घटना के तीसरे दिन पटना जिले के नगर बिहटा गांव से की गई थी। जानकारी के अनुसार घटना को अंजाम देने में तीन अपराधी शामिल थे, जो डिजायर कार से कुटुंबा थाना क्षेत्र पहुंचे थे। बारात जाने के दिन रसोईया गांव के समीप बाजार से सामान लेकर लौट रहे चिंतावन बिगहा निवासी दूल्हे के पिता सुनील पांडेय उर्फ अरुण पांडेय को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी थी। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इधर ब्रह्मर्षि समाज सह जन कल्याण मंच के अध्यक्ष अजीत पांडे ने कहा की घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार नहीं हुआ है यह पुलिस की नाकामी ही है जनकल्याण मंच के सदस्यों ने मामले में फरार सभी अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि गिरफ्तार शूटर राकेश को रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए कुटुंबा थाना लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *