अंबा में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, किशोर समेत दो घायल औरंगाबाद। अंबा थाना क्षेत्र में सोमवार को एनएच-139 पर मछली मार्केट के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक किशोर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान 25 वर्षीय विशाल कुमार एवं 15 वर्षीय बिल्लू कुमार के रूप में हुई है। इनमें किशोर बिल्लू कुमार की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं और टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद दोनों सवार सड़क पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने डायल-112 पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अचेत पड़े बिल्लू कुमार को अपने वाहन से रेफरल अस्पताल कुटुंबा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार किशोर के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
वहीं घायल विशाल कुमार ने बताया कि वह बाइक से सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान दूसरी दिशा से तेज गति में आ रही बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट लगी है। स्थानीय लोगों की मदद से उसे निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डेहरी आन सोन रेफर किया गया।
स्थानीय लोगों ने एनएच-139 पर बढ़ती तेज रफ्तार और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि इस कारण क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
