Bihar Crime News: तालाब खुदाई में ठेकेदार से लेवी मांगने वाले छह हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, मासकेट रायफल समेत हथियार बरामद

औरंगाबाद। औरंगाबाद जिले में सरकारी योजना के तहत चल रहे तालाब खुदाई कार्य में लगे ठेकेदार से लेवी (रंगदारी) मांगने और काम बंद कराने की धमकी देने के मामले में बिहार पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान में औरंगाबाद और गया जिले में सक्रिय छह हार्डकोर नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से दो देशी कट्टा, एक थर्नेट और एक मासकेट (रायफल) भी बरामद किया है।

दो दिनों तक ठेकेदार और कर्मियों को दी गई थी धमकी

दाउदनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अशोक कुमार दास ने बताया कि 26 मई को बंदेया थाना क्षेत्र के चपरा गांव में सरकारी योजना के तहत तालाब खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अज्ञात नक्सलियों ने ठेकेदार और कर्मियों को धमकी भरा पत्र भेजकर लेवी की मांग की। मामले में बंदेया थाना में कांड संख्या 53/25 दर्ज किया गया।

इसके अगले दिन 27 मई की रात करीब एक बजे नक्सली कार्यस्थल पर पहुंचे और मजदूरों को काम बंद करने तथा उपकरणों को आग लगाने की धमकी दी। ठेकेदार के कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष भी इसी प्रकार धमकी भरा पर्चा भेजकर काम रोकने का प्रयास किया गया था।

तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला

पुलिस और एसटीएफ की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, खुफिया सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। सबसे पहले गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर हार्डकोर नक्सली उदय कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में उदय कुमार की निशानदेही पर बंदेया थाना क्षेत्र के चपरा गांव निवासी संटू यादव को एक देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चपरा बघार इलाके से एक देशी कट्टा, एक थर्नेट और एक मासकेट रायफल बरामद की गई।

अवैध हथियार बरामदगी के मामले में बंदेया थाना में कांड संख्या 57/26 भी दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान

पुलिस ने जिन छह नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, उनमें शामिल हैं—

  • उदय कुमार, निवासी कराई गांव, कोंच थाना, गया
  • चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा, निवासी कराई गांव, कोंच थाना, गया
  • रंजित कुमार उर्फ नन्हें, निवासी मंझियावां, कोंच थाना, गया
  • अनिल यादव उर्फ राजेंद्र यादव, निवासी बिजहरी, कोंच थाना, गया
  • संटू यादव, निवासी मायापुर, बंदेया थाना, औरंगाबाद
  • संजय पासवान उर्फ कर्मचारी, निवासी चपरा, बंदेया थाना, औरंगाबाद

पूछताछ में सामने आए चार और नाम

एसडीपीओ के अनुसार उदय कुमार और संटू यादव से पूछताछ के दौरान चार अन्य सहयोगियों के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस ने गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र से तीन और बंदेया थाना क्षेत्र से एक अन्य हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार कर लिया।

सभी आरोपितों ने कबूला अपराध

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी नक्सलियों ने लेवी मांगने और धमकी देने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *