पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को किया गिरफ्तार

अंबा औरंगाबाद। अंबा थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार की रात एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी संडा-बालुगंज पथ पर संडा पुल के पूर्वी छोर के पास से की गई है। पकड़े गए युवक की पहचान अंबा थाना क्षेत्र के नहैया बिगहा गांव निवासी मो. हैदर खान के तेईस वर्षीय पुत्र मो. अरबाज खान के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ कोई संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संडा पुल के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को पकड़ा गया, तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। इस मामले में पु.अ.नि. राजा कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक यह हथियार कहां से लाया था और इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जाना था।