BPSC Action: कदाचार के चलते AEEDO समेत दो बड़ी परीक्षाएं रद्द, 32 अभ्यर्थी प्रतिबंधित

पटना: बिहार लोक सेवा आयोग ने कदाचार के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए दो अहम प्रतियोगी परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। आयोग ने 935 पदों के लिए आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEEDO) और 69 पदों के लिए हुई सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया है।

आयोग के अनुसार, AEEDO परीक्षा 14 से 21 अप्रैल के बीच नौ पालियों में आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 10.97 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। जांच के दौरान कुछ परीक्षा केंद्रों पर ब्लूटूथ जैसे इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से नकल के प्रयास सामने आए। जिला प्रशासन की सतर्कता से इन मामलों में संलिप्त अभ्यर्थियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

BPSC ने 32 अभ्यर्थियों को कदाचार और परीक्षा में गड़बड़ी की साजिश के आरोप में भविष्य की परीक्षाओं से प्रतिबंधित कर दिया है। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट किया कि प्रश्नपत्र लीक होने का कोई ठोस साक्ष्य जांच में नहीं मिला है।

विभिन्न रिपोर्ट्स और दर्ज मामलों के आधार पर परीक्षा की शुचिता प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए आयोग ने अभ्यर्थियों के हित और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह बड़ा फैसला लिया है। 23 अप्रैल को आयोजित दूसरी परीक्षा भी इसी कारण रद्द की गई है।