मुंगेर के सांसद ललन सिंह बने जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष

नई दिल्ली(विद्या भूषण शर्मा)। मुंगेर से सांसद ललन सिंह जेडीयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। दिल्ली में हो रही जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ललन सिंह के नाम पर मुहर लग गई है। ललन सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले के साथ ही फर्स्ट बिहार की उस खबर पर भी मुहर लग गई है, जो लगातार हम आपको बता रहे थे। एक तरफ जहां कई नामों पर कयास लगाए जा रहे थे।

ललन सिंह ही जेडीयू के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। नीतीश कुमार ने ललन सिंह के नाम पर फैसला पहले ही कर लिया था और अब औपचारिक तौर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उनके नाम पर मुहर लग गई है।

ललन सिंह को अध्यक्ष बनाना मजबूरी

दरअसल केंद्र में इस दफे मंत्रिमंडल के विस्तार में जेडीयू में खेल होने की चर्चा आम थी। कहा ये जा रहा था कि आरसीपी सिंह ने बगैर नीतीश कुमार की मर्जी के ही बीजेपी से डील कर ली। नीतीश कुमार ने बीजेपी से बात करने के लिए अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अधिकृत किया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के तमाम सियासी समीकरणों को ताक पर रख कर खुद मंत्री बन गये। केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में आऱसीपी सिंह के मंत्री बनने के बाद ललन सिंह नाराज थे। सूत्र बताते हैं कि नीतीश ने उन्हें अपनी मजबूरी बतायी। बताया कि कैसे आरसीपी बाबू ने खेल कर दिया।