जानिए कितनी सम्पति है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव व उनके मंत्रियों के पास

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने अपनी संपत्ति की घोषणा कर दी है। रविवार की देर शाम मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर यह सार्वजनिक की गई। इसके मुताबिक एकाध को छोड़ राज्य मंत्रिमंडल के ज्यादातर मंत्री करोड़पति हैं। कई मंत्रियों से अधिक संपत्ति उनकी पत्नी के नाम है।

Nitish Kumar

महागठबंधन सरकार में तीन दलों की भागीदारी है। जदयू, राजद और कांग्रेस। तीनों दलों के राज्य मंत्रिमंडल के अधिकतर सदस्य करोड़पति हैं। गौर हो कि मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 13 सदस्य जदयू के, 16 राजद के जबकि दो कांग्रेस के मंत्री हैं।

घोषित संपत्ति के अनुसार, कांग्रेस के दोनों ही मंत्री करोड़पति हैं। राजद-जदयू के प्राय मंत्री करोड़पति हैं। जदयू कोटे में सबसे कम धन-दौलत रत्नेश सदा तो राजद कोटे के मंत्रियों में सुरेन्द्र राम के पास सबसे कम संपत्ति है। बिहार सरकार के मंत्री गहने-जेवरात के भी शौकीन हैं।

आधा दर्जन से अधिक मंत्री ऐसे हैं, जिनकी संपत्ति पांच करोड़ से अधिक है। इनमें खान एवं भूतत्व मंत्री रामानंद यादव , उद्योग मंत्री समीर महासेठ, सुरेन्द्र यादव, कुमार सर्वजीत, शीला कुमार, आलोक मेहता और संजय झा भी शामिल हैं। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार गाड़ियों के शौकीन हैं। शिक्षा मंत्री डॉ. चंद्रशेखर के पास एक राइफल जबकि लघु जल संसाधन मंत्री जयंत राज के पास एक राइफल और एक पिस्टल भी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास 22 हजार नकद

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास नकद 22 हजार 552 रुपये हैं। तीन अलग-अलग बैंकों में कुल जमा 48 हजार रुपए हैं। कुल चल संपत्ति 16 लाख 84 हजार की है, जिसमें 11.32 लाख की एक फोर्ड कार शामिल है। दिल्ली के द्वारका में एक हजार वर्गफीट का एक फ्लैट है। वर्ष 2004 में इस फ्लैट को खरीदा गया था, तब इसका मूल्य 13.78 लाख था। इसका वर्तमान मूल्य 1.48 करोड़ है। मुख्यमंत्री के पास 13 गाय और दस बाछा-बाछी हैं।

वित्त मंत्री का 7.81 लाख रुपये का आयकर रिटर्न

वित्त एवं वाणिज्य कर मंत्री विजय कुमार चौधरी ने वर्ष 2022-23 में 7 लाख 81 हजार 788 रुपये का आयकर रिटर्न दाखिल किया है। जबकि उनकी पत्नी के नाम से 2.38 लाख रुपये का आयकर रिटर्न दाखिल किया गया है। मंत्री के पास 30 हजार नकद, जबकि उनकी पत्नी के पास 1.50 लाख रुपये नकद है। वहीं, श्री चौधरी के नाम बैंक में 11.22 लाख तो उनकी पत्नी के पास 27 लाख रुपये जमा है। मंत्री के पास मारुति अल्टो कार व 10 ग्राम गहना है। इनके पास कुल 35,66,889 रुपये तो उनकी पत्नी के पास कुल 43,87,889 रुपये की संपत्ति है।

तेजप्रताप के पास 15.45 लाख की बाइक

वन पर्यवारण मंत्री तेजप्रताप यादव के पास दो कार है और एक बाइक है। एक कार बीएमडब्ल्यू 29.43 लाख की और दूसरी 22 लाख की है। 15.45 लाख की बाइक है। इनके पास नकद 98 हजार और बैंकों में 17 लाख जमा है। 42 लाख की कृषि भूमि है। 88 लाख की गैर कृषि भूमि है। 1.78 करोड़ के आवासीय भवन हैं। इनके नाम से कोई कॉमर्शियल भवन नहीं है।

आलोक मेहता की आय पत्नी से एक-चौथाई कम

राजस्व मंत्री आलोक कुमार मेहता की वार्षिक आय पत्नी से एक चौथाई कम है। 2022-23 के लिए उन्होंने वार्षिक आय 7 लाख 14 हजार रुपये और पत्नी की 29 लाख 4 हजार रुपये दिखाई है। उनकी पत्नी पीयू में प्रोफेसर हैं। उनके पास 1.10 लाख और पत्नी के पास 1.80 लाख रुपये हैं। बैंक खातों में 4.62 लाख और पत्नी के खाते में 49.28 लाख रुपये जमा हैं। इनके नाम पर 13.20 लाख की स्कॉर्पियो एवं पत्नी के नाम पर 8.76 लाख की होंडा है। 5.71 लाख के जेवरात स्वयं और 19.14 लाख के गहने पत्नी के पास हैं। इनके पास एक रिवॉल्वर है। मंत्री के पास वैशाली में 6 एकड़ से अधिक कृषि भूमि है, जिसका मूल्य करीब 1.19 करोड़ है। दानापुर में 1.20 करोड़ की गैर-कृषि भूमि है। आशियाना इलाके में 4 करोड़ मूल्य का आवासीय भवन है।

तेजस्वी से ज्यादा नकद उनकी पत्नी के पास

उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव 50 हजार नकदी रखे हैं, जबकि उनकी पत्नी राजश्री के पास उनसे दोगुनी राशि एक लाख नकदी है। उपमुख्यमंत्री के नाम पर विभिन्न बैंकों में 54 लाख से अधिक जमा है। जबकि मां राबड़ी देवी और भाई तेजप्रताप यादव के नाम पर संयुक्त खाते में 39 लाख से अधिक राशि जमा है। पत्नी राजश्री के नाम पर साढ़े पांच लाख बैंकों में जमा है। उपमुख्यमंत्री ने पांच लाख 38 हजार का शेयर ले रखा है। खुद के पास 200 ग्राम सोना तो पत्नी के पास 480 ग्राम सोना और दो किलो चांदी है। बेटी के नाम पर 200 ग्राम सोना और एक किलो चांदी है। फुलवारशरीफ में दो बीघा, गोपालगंज में दो बीघा से अधिक खेती योग्य जमीन है। दानापुर में आठ कट्ठा गैर कृषि योग्य भूमि है। धनौत, गर्दनीबाग, गोपालगंज में 36 लाख रुपए से अधिक कीमत की गैर कृषि योग्य भूमि है।

ऊर्जा मंत्री के बैंक खाते में पौने दो करोड़ से अधिक जमा

ऊर्जा मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव के पास 50 हजार नकद है। बैंकों में एक करोड़ 95 लाख से अधिक जमा है। किसी वित्तीय संस्थान में निवेश नहीं किए हैं। खुद के पास 15 ग्राम सोना तो पत्नी के पास 100 ग्राम सोना और 900 ग्राम चांदी है। सुपौल में दो बीघा से अधिक खेती योग्य जमीन है जिसकी कीमत 30 लाख है। मुरली में एक कट्ठा जमीन है, जिसकी कीमत 18 लाख है। सुपौल नगर परिषद में दो कट्ठा जमीन है जिसकी कीमत 40 लाख है। किसी वित्तीय संस्थानों से इन पर कोई कर्ज नहीं है।

समीर महासेठ ने शेयर व बांड में लगा रखा है एक करोड़

उद्योग मंत्री समीर महासेठ के पास सात लाख 20 हजार नगद और उनकी पत्नी के पास 1 लाख 70 हजार रुपये नगद है। उनके चार अलग-अलग बैंक खाते में 61 लाख 15 हजार 187 रुपये रुपये जमा हैं। उन्होंने विभिन्न कंपनियों में एक करोड़ एक लाख 29 हजार 608 रुपये मूल्य का और पत्नी ने 28 लाख 83 हजार रुपये मूल्य का शेयर और बॉन्ड ले रखा है। समीर के पास आठ जगह दानापुर, मनेर और फुलवारी में 1 करोड़ 16 लाख रुपये मूल्य की कृषि भूमि है।

गाड़ियों के शौकीन हैं मंत्री श्रवण कुमार

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार 93 हजार 760 रुपए नकदी रखे हुए हैं। उनकी पत्नी मंजू कुमारी उनसे अधिक एक लाख 58 हजार 890 रुपए नकदी रखती हैं। विभिन्न बैंकों में 11 लाख से अधिक जमा है। पत्नी के नाम पर 33 लाख से अधिक जमा है। विभिन्न बचत खातों/योजनाओं में मंत्री व उनकी पत्नी के पास 24 लाख से अधिक जमा है। मंत्री गाड़ियों के शौकीन हैं। उनके पास अम्बासडर कार, महिन्द्रा एक्सयूवी व फॉच्यूर्नर है।

अशोक चौधरी से ज्यादा पैसा उनकी पत्नी के पास

भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी से अधिक उनकी पत्नी वार्षिक आयकर रिटर्न दाखिल करती है। वर्ष 2022-23 में मंत्री श्री चौधरी ने 22,95,615 रुपये का तो उनकी पत्नी ने 54,66,962 रुपये का आयकर रिटर्न दाखिल किया है। हालांकि, नकद पैसा सर्वाधिक 87 हजार मंत्री श्री चौधरी के पास है जबकि उनकी पत्नी के पास 10 हजार रुपये और उनके बच्चों के पास 50 हजार व 40 हजार रुपये नकद है। बैंकों में जमा राशि में भी मंत्री से अधिक उनकी पत्नी के नाम जमा है।

पिस्टल व राइफल रखते हैं कृषि मंत्री सर्वजीत

कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत के पास 108 ग्राम सोने के आभूषण और पत्नी के पास 1400 ग्राम सोने के आभूषण हैं। उनके दोनों बेटे के पास भी 50-50 ग्राम आभूषण हैं। उनके पास एक पिस्टल और एक राइफल है। उनकी पत्नी के नाम भी एक राइफल है। अन्य संपत्तियों में 1 लाख 28 हजार रुपये मूल्य के घरेलू सामान और पत्नी के पास होटल में एक करोड़ 31 लाख 97 हजार रुपये मूल्य का शेयर है। अचल संपत्तियों में 8.19 एकड़ कृषि भूमि है।

विधि मंत्री शमीम के पास रायफल व पिस्तौल

विधि मंत्री शमीम अहमद पत्नी अंजुम आरा की तुलना में हाथ में कम कैश रखते हैं, लेकिन उनके बैंक खातों में अधिक राशि है। मंत्री के हाथ में 78 हजार 640 रुपये तो पत्नी के पास 87 हजार 880 रुपये हैं। उनके एक दर्जन बैंक खातों में 10 लाख 61 हजार रुपये से अधिक जमा हैं। मंत्री जी फॉर्ड इंडेयवर गाड़ी की सवारी करते हैं। शमीम अहमद के नाम से एक रायफल और एक पिस्तौल है।

अनिता देवी करीब 50 लाख की कर्जदार

पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अनिता देवी के पास 49 लाख 61 हजार का बैंक कर्ज है। उनके द्वारा दिए गए वार्षिक संपत्ति के ब्यौरा के तहत दो लाख रुपये नकद है तो बैंक खाते में 2 लाख 82 हजार 995 रुपये हैं। अनिता देवी के पास 8 लाखका स्कॉर्पियों, 175 ग्राम सोना, ग्राम आकाशी में एक करोड़ की 10.64 एकड़ जमीन, पटना के फुलवारी में 75 लाख का जमीन, रोहतास में एक पुराना आवास है।

जमा खान के बैंक खाते में 62 लाख रुपये जमा

अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान के पास बैंक में 62 लाख रुपये जमा है। वहीं, उनके पास एक लाख रुपये नकद, उनकी पत्नी के पास डेढ लाख रुपये नकद है। वहीं, पत्नी के बैंक खाता में 19,808 रुपये तो बेटी के बैंक खाता में 1 लाख 515 रुपये जमा है। उन्होंने जीवन बीमा पॉलिसी अपने नाम 9.20 लाख का तो पत्नी के नाम 2.60 लाख का है। मंत्री के नाम पर 24 लाख की एक स्कॉर्पियों गाड़ी है।

सहनी का बीमा व बांड में 22.74 लाख का निवेश

समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने बीमा व बांड में कुल 22 लाख 74 हजार 974 रुपये का निवेश किया है। इनमें रिलायंस बांड में 1.50 लाख रुपये तो आईसीआईसीआई में 40 हजार रुपये एवं जीवन बीमा पॉलिसी में 20,84,974 रुपये का है। जबकि उनकी पत्नी के नाम पर जीवन बीमा पॉलिसी में 3.91 लाख रुपये निवेश किया गया है। पति-पत्नी दोनों गहनों के शौकीन है।

आपदा मंत्री की पत्नी के पास आठ किलो चांदी के आभूषण

आपदा प्रबंधन मंत्री शाहनवाज के पास दस लाख 8 हजार 300 रुपये जबकि उनकी पत्नी के पास 73 हजार 500 रुपये नगद है। उनके पास 25 ग्राम सोने के आभूषण जबकि उनकी पत्नी के पास 156.76 ग्राम सोने और आठ किलो चांदी के आभूषण हैं। उनके पास एक लाइसेंसी राइफल भी है। शाहनवाज और पत्नी के बैंक खाते में करीब 12 लाख रुपये जमा है। वहीं, मंत्री के ऊपर करीब 21 लाख कर्ज है।

जितेंद्र राय की सालाना आय 13.72 लाख रुपये

कला-संस्कृति मंत्री जितेंद्र कुमार राय 13 लाख 72 हजार रुपये सालाना का आय दिखाते हुए आयकर रिटर्न दायर करते हैं। वित्तीय वर्ष 2023-24 में उन्होंने इतना वार्षिक आय दिखाते हुए आयकर रिटर्न दायर किया है। वे अपने पास पत्नी से अधिक 4.35 लाख कैश रखते हैं। पत्नी रिंकी देवी के पास 2.50 लाख रुपये कैश है। पत्नी के पास बैंक खाते नहीं हैं, लेकिन उनके पास मौजूद दो बैंक खातों में 3.54 लाख रुपये जमा हैं।

नौ लाख के कर्जदार हैं श्रम संसाधन मंत्री सुरेन्द्र राम

श्रम संसाधन मंत्री सुरेन्द्र राम के पास नकदी एक लाख 60 हजार है। 11 लाख से अधिक बैंकों में जमा है। दो मोटर साईकिल और एक सफारी गाड़ी रखे हुए हैं। 100 ग्राम सोना और आधा किलो चांदी है। पत्नी के पास डेढ़ सौ ग्राम सोना और एक किलो चांदी है। दिघवाड़ा में 10 कठ्ठा जमीन है। दो कठ्ठा गैर कृषि भूमि है। एसबीआर्द से 20 लाख का लोन ले रखे हैं जिसमें से नौ लाख 66 हजार का भुगतान करना बाकी है।

आफाक आलम की चल संपत्ति 1.05 करोड़ की

पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री आफाक आलम के पास 2 लाख 15 हजार रुपये और पत्नी के पास 97 हजार रुपये नकद है। इनके बैंक खाते में 71 हजार और पत्नी के खाते में 1 लाख 38 हजार 381 रुपये है। बीमा में इन्होंने डेढ़ लाख रुपये का निवेश किया है। इनके पास दो चार पहिया वाहन इनोवा और स्कार्पियो है। इनकी कुल चल संपत्ति एक करोड़ 5 लाख रुपये मूल्य की है।

रत्नेश सदा 85 लाख की संपत्ति के मालिक

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री रत्नेश सदा के पास मात्र 9430 रुपये हैं। मंत्री के विभिन्न बैंक खातों में 24 लाख 38 हजार 942 रुपये जमा है। उन्होंने 4 लाख 78 हजार 615 रुपये का जीवन बीमा पॉलिसी करा रखा है। उनके पास 28 ग्राम सोना व 120 ग्राम चांदी के गहने तो उनकी पत्नी के पास 75 ग्राम सोना एवं 860 ग्राम चांदी का गहना है। कुल 85.35 लाख की संपत्ति के मालिक है।

उत्पाद मंत्री सुनील से अधिक उनकी पत्नी के पास नकद

उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार की पत्नी उनसे अधिक कैश रखती हैं। मंत्री के नाम से कोई गाड़ी नहीं है। राज्य सरकार से रिवार्ड के तौर पर एक रिवाल्वर का लाइसेंस भी 2023 में मिला है। उनके पास प्वाइंट 32 का एक रिवाल्वर है। पत्नी के पास 41 लाख 50 हजार रुपये के सोने और हीरे की ज्वेलरी है। पत्नी के नाम पर 2020 में खरीदी गई एक हुंडई क्रिटा गाड़ी भी है।

चार करोड़ से अधिक के कर्जदार हैं पीएचईडी मंत्री

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री ललित कुमार यादव के पास 95 हजार तो उनकी पत्नी के पास एक लाख 95 हजार नकदी है। विभिन्न बैंकों में 24 लाख से अधिक जमा है। पत्नी के नाम पर ट्रैक्टर है। जबकि खुद के पास एक एक्सयूबी और होंडा कार है। पति-पत्नी के पास सवा किलो से अधिक चांदी-सोना है। पति-पत्नी दोनों के पास हथियार हैं। दरभंगा में कृषि, गैर कृषि योग्य जमीन है। पटना में अपार्टमेंट है।

रामानंद यादव के पास छह करोड़ की कृषि भूमि

खान एवं भूतत्व मंत्री रामानंद यादव के पास फतुहा में छह करोड़ की 9.51 एकड़ कृषि भूमि है। इनके पास नकद चार लाख है। तीन कार है, जिसकी कुल कीमत दस लाख है। पटना में दो फ्लैट के लिए ढाई करोड़ बतौर एडवांस भुगतान इन्होंने किया है। पटना में एक निर्माणाधीन भवन है, जिसकी कीमत दो करोड़ है। इनके पास एक राइफल और एक रिवॉल्वर है।