आईपीआरडी बिहार के नए सचिव बने चंद्रशेखर सिंह, अनुपम कुमार केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए

पटना: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। 2010 बैच के आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने शुक्रवार को विभाग के सचिव का पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने अनुपम कुमार का स्थान लिया, जो केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली रवाना हो गए हैं।

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान विभाग के निदेशक अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने अनुपम कुमार को भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

चंद्रशेखर सिंह के पास पहले से ही कई अहम जिम्मेदारियां हैं। वे वर्तमान में संसदीय कार्य विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव के साथ-साथ बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। प्रशासनिक अनुभव की बात करें तो वे पटना प्रमंडल के आयुक्त और जिला अधिकारी (डीएम) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

इस नियुक्ति को राज्य सरकार के सूचना प्रसार और जनसंपर्क प्रणाली को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।