नराईच विवाद की प्राथमिकी से एलजेपीआर नेता प्रमोद सिंह का नाम नही हटा तो महिला मोर्चा करेगी आंदोलन, देव मोड़ से औरगाबाद तक होगा एनएच जाम

औरंगाबाद( लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। विधानसभा चुनाव में रफीगंज से प्रत्याशी रहे लोजपा(रामविलास) के प्रदेश महासचिव प्रमोद सिंह को नराईच विवाद में बेवजह घसीटे जाने की पार्टी की महिला मोर्चा ने कड़ी भर्त्सना की है।

मोर्चा की जिलाध्यक्ष रंजू वर्मा और उपाध्यक्ष वरीय नेत्री नीतू सिंह ने इसे लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला है। रंजू और नीतू ने रविवार को यहां प्रेसवार्ता में कहा कि औरंगाबाद के रफीगंज प्रखंड में कासमा थाना के नराईंच गांव में कब्रिस्तान की जमीन में रास्ता को लेकर होली से पहले दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुआ था। झड़प को नियंत्रित करने की पुलिसिया कार्रवाई में ग्रामीणों के साथ ही कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। इस मामले में कासमा थाना की पुलिस ने 59 को नामजद एवं 50-60 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया है। पुलिस ने इस मामले में लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास) के प्रदेश महासचिव प्रमोद सिंह को भी साजिशकर्ता के रूप में नामजद किया है, जबकि सिंह का इस घटना से कोई लेना देना नही है। उन्हे बेवजह इस मामले में घसीटा गया है। कहा कि मामले की प्राथमिकी से प्रमोद सिंह का नाम नही हटाया गया तो इसे लेकर महिला मोर्चा आर पार की लड़ाई लड़ेगी।

महिला नेत्रियों ने कहा कि प्राथमिकी में सिंह के नाम को शामिल करने का पुलिस ने जो कारण बताया है, वह बिल्कुल बेतुका और बेबुनियाद है। यह कासमा पुलिस तथा प्राथमिकी दर्ज करने वाले पुलिस अधिकारी की सोंच और कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है। कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में तीन नेताओं के इशारे पर पुलिस ने प्रमोद सिंह का नाम प्राथमिकी में डाला है जबकि सिंह घटना के वक्त बिहार में नहीं थे। उन्होंने मामले की जानकारी मिलने पर लोगों को समझाया भी था लेकिन पुलिस ने राजनीतिक हस्तियों के इशारे पर उन्हे बदनाम और परेशान करने के लिए ही यह प्राथमिकी दर्ज की है। महिला नेत्रियों ने कहा कि औरंगाबाद की एसपी से उन्होने प्राथमिकी से सिंह का नाम हटाने की मांग की है। यदि पुलिस ने सिंह का नाम नही हटाती है और पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर कार्रवाई करती है तो पार्टी की महिला विंग सड़क पर उतर कर अपनी मांगों के समर्थन में देव मोड़ से औरंगाबाद तक एनएच को जाम करेगी। प्रेसवार्ता में मोर्चा की मीडिया प्रभारी कविता सिंह, मदनपुर प्रखंड अध्यक्ष बबीता सिंह, जिला सचिव सरिता सिंह, मंजू देवी, बेबी देवी, सदर प्रखंड अध्यक्ष प्रतिमा सिंह, प्रखंड उपाध्यक्ष गुड़िया देवी एवं प्रखंड सचिव सोनी देवी आदि मौजूद रही।