पटना: सत्यदेव मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र मरीजों के लिए निःशुल्क डायलिसिस सेवा शुरू करने की घोषणा की है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह सुविधा तत्काल प्रभाव से पटना स्थित अस्पताल परिसर में उपलब्ध करा दी गई है, जहां आयुष्मान कार्ड धारक मरीज आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण कराकर इसका लाभ उठा सकते हैं।
अस्पताल में डायलिसिस के लिए आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ की व्यवस्था की गई है, ताकि मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। यह पहल विशेष रूप से उन मरीजों को ध्यान में रखकर की गई है, जो किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों के कारण नियमित डायलिसिस पर निर्भर हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के चलते इलाज कराने में कठिनाई महसूस करते हैं।
अस्पताल के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. कुमार राजेश रंजन ने कहा कि इसका उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद मरीज आर्थिक अभाव में जीवनरक्षक उपचार से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पताल में निःशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे मरीजों को समय पर बेहतर इलाज मिल सके।
पैनल योजनाओं में मुफ्त इलाज सुविधा
अस्पताल की निर्देशक डॉ अमृता ने बताया कि सत्यदेव मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में मरीज अब आयुष्मान भारत, सीजीएचएस, ईसीएचएस व ईएसआईसी पैनल के तहत मुफ्त इलाज और ऑपरेशन भी करा सकेंगे। यहाँ यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, डायलिसिस, स्त्री रोग, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, ईएनटी सहित विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं और डायग्नोस्टिक टेस्ट एक ही छत के नीचे प्रदान किए जा रहे हैं। अस्पताल में 24 घंटे आईसीयू की सुविधा भी उपलब्ध है।
डॉ. कुमार राजेश रंजन ने लोगों से अपील की है कि वे इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाएं, ताकि वह इस सुविधा का लाभ उठाकर अपना उपचार समय पर करा सकें।
