हरि बक्श बाबा मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, नागपंचमी पर हजारों ने की पूजा


इरियप के सिद्धपीठ में 1985 से चली आ रही परंपरा, महाभंडारे और सांस्कृतिक कार्यक्रम ने बांधा समां


अंबा, औरंगाबाद : कुटुंबा प्रखंड के इरियप स्थित ऐतिहासिक सिद्धपीठ हरि बक्श बाबा मंदिर में नागपंचमी का पर्व इस बार भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के मौके पर आयोजित भव्य मेले में इरियप सहित आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और बाबा के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।

सुबह से ही मंदिर परिसर भक्तों से गूंज उठा। मुख्य पुजारी संजय सिंह और आनंदन सिंह के सानिध्य में विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना कराई गई। पूजा के बाद विशाल महाभंडारे का आयोजन हुआ जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। दिनभर मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।

पूजा समिति के अध्यक्ष शक्ति कुमार और श्रवण पासवान ने बताया कि वर्ष 1985 से यहां नागपंचमी महोत्सव का भव्य आयोजन होता आ रहा है। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के सहयोग से मंदिर का जीर्णोद्धार भी कराया गया है, जिससे आस्था और मजबूत हुई है।

शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गायिका हेमा पांडेय और गायक पंकज पाल ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के सचिव विनय सिंह, रवि सिंह के साथ दिनेश, कमलेश, रौशन, सौरभ, मनीष, नंद, शिपुजन, विकास और मनजीत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पूरे दिन मंदिर परिसर में आस्था, भक्ति और मेले का संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *