लखीसराय के अशोकधाम में भगदड़, सात महिला श्रद्धालुओं की मौत; करंट की अफवाह से मची अफरातफरी

लखीसराय: सावन की तीसरी सोमवारी पर सोमवार सुबह बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के बाहरी परिसर में अचानक भगदड़ मचने से अब तक सात महिला श्रद्धालुओं की मौत की सूचना है। कई अन्य श्रद्धालुओं के घायल होने की भी जानकारी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अंतिम मृतक संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। सदर अस्पताल में पांच शव पहुंचने की सूचना है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले मार्ग पर रात में बिजली का एक पोल तार समेत गिर गया था। सावन की तीसरी सोमवारी के कारण सोमवार सुबह बड़ी संख्या में कांवरिया और श्रद्धालु मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान बिजली के पोल में करंट प्रवाहित होने की अफवाह भीड़ में फैल गई। करंट लगने के डर से श्रद्धालुओं में अचानक अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

भीड़ में दबे कई श्रद्धालु

अचानक मची अफरातफरी के बीच भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ का दबाव बढ़ने से कई श्रद्धालु सड़क पर गिर गए और उनके ऊपर दूसरे लोग गिरते चले गए। कुछ श्रद्धालुओं के दबने की सूचना है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस-प्रशासन की टीमें घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही हैं।

अब तक सात महिलाओं की मौत

हादसे में अब तक सात महिला श्रद्धालुओं की मौत की सूचना है। इनमें चार मृतकों की पहचान कर ली गई है।

  1. मनमाला देवी (44), पति निरंजन कुमार, वार्ड नंबर 12, इंद टोला, बड़हिया, लखीसराय।
  2. रिंकू देवी (50), पति नीरज यादव, फरदा, थाना सफियासराय, जिला मुंगेर।
  3. हेमलता देवी (55), पति सुरेंद्र यादव, कैंदी प्रतापपुर, थाना हलसी, जिला लखीसराय।
  4. ललिता देवी, पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, थाना हलसी, जिला लखीसराय।

अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से प्रसिद्ध है अशोकधाम

लखीसराय का अशोकधाम मंदिर श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से विख्यात है। यहां विशाल शिवलिंग है, जिसके बारे में मान्यता है कि यह जमीन की खोदाई के दौरान प्राप्त हुआ था। मंदिर की धार्मिक महत्ता के कारण सावन में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर सोमवार सुबह अशोकधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। बड़ी संख्या में कांवरिया भी जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे थे। इसी भीड़ के बीच बिजली का पोल गिरने और करंट की अफवाह फैलने के बाद भगदड़ मच गई।

घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और राहत-बचाव कार्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *