पटना। Bharat Sanchar Nigam Limited ने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए भारतनेट उद्यमी (बीएनयू) योजना के तहत लोगों को जुड़ने का आह्वान किया है। बिहार दूरसंचार परिमंडल, पटना-1 के अनुसार, इस योजना के जरिए ग्रामीण युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों और छोटे उद्यमियों को इंटरनेट सेवाओं से जुड़ा रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

भारतनेट को दुनिया की सबसे बड़ी ग्रामीण दूरसंचार परियोजनाओं में माना जाता है, जिसका उद्देश्य गांवों तक हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड इंटरनेट पहुंचाना है। भारत सरकार द्वारा डिजिटल भारत निधि (डीबीएन) के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही इस परियोजना के तहत पहले करीब 2.6 लाख ग्राम पंचायतों को इंटरनेट कनेक्टिविटी देने का लक्ष्य तय किया गया था। बाद में केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद इसका विस्तार देश के लगभग छह लाख बसे हुए गांवों तक कर दिया गया।
योजना के तहत भारत सरकार ने भारतनेट नेटवर्क के संचालन, रखरखाव और सेवा विस्तार की जिम्मेदारी Bharat Sanchar Nigam Limited को सौंपी है। इसी क्रम में बीएसएनएल ने भारतनेट उद्यमी योजना शुरू की है, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।
बिहार दूरसंचार परिमंडल, पटना-1 के सहायक महाप्रबंधक विक्रय एवं विपणन रेमण्ड ओस्टा ने बताया कि इच्छुक लोग ऑनलाइन पंजीकरण कर भारतनेट उद्यमी या बीएसएनएल फ्रेंचाइजी बन सकते हैं। आवेदन बीएसएनएल के आधिकारिक पोर्टल और वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकता है।
50 हजार से एक लाख रुपये तक के छोटे निवेश से इस योजना में जुड़ सकते उद्यमी
बीएसएनएल के अनुसार, वर्तमान में देशभर में 7,700 से अधिक भारतनेट उद्यमी कार्य कर रहे हैं। योजना में 50 हजार से एक लाख रुपये तक के छोटे निवेश से जुड़ा जा सकता है। इस निवेश के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत वित्तीय सहायता का भी प्रावधान है।
योजना के तहत उद्यमियों को मासिक बिलिंग पर 50 प्रतिशत तक राजस्व हिस्सेदारी दी जाएगी। वहीं एफटीटीएच (फाइबर टू द होम) कनेक्शन उपलब्ध कराने पर एकमुश्त प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। बीएसएनएल ने कहा कि योजना से जुड़े सभी भागीदारों को तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारतनेट उद्यमी योजना ग्रामीण भारत में डिजिटल क्रांति को तेज करने के साथ-साथ रोजगार सृजन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)
