पटना। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर अब पैरलल टैक्सी ट्रैक के पूर्ण उपयोग की दिशा में बड़ी पहल शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने एयरपोर्ट संचालन को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने के लिए बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) की 1.85 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्रशासन को स्थानांतरित कर दी है।
इस भूमि का उपयोग एयरपोर्ट परिसर में मौजूद तकनीकी और सुरक्षा उपकरणों को नई जगह शिफ्ट करने में किया जाएगा। अभी कई महत्वपूर्ण इक्यूपमेंट ऐसी जगह स्थित हैं, जिनके कारण पैरलल टैक्सी ट्रैक का पूरी क्षमता के साथ उपयोग संभव नहीं हो पा रहा था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद टैक्सी ट्रैक का संचालन अधिक व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, उपकरणों के स्थानांतरण के बाद विमानों की टैक्सींग प्रक्रिया तेज होगी। वर्तमान में विमानों को रनवे पर अधिक समय तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे उड़ानों के संचालन पर असर पड़ता है। पैरलल टैक्सी ट्रैक पूरी तरह चालू होने के बाद विमान लैंडिंग और टेकऑफ के बीच लगने वाला समय कम होगा और एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट अधिक प्रभावी बन सकेगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि पटना एयरपोर्ट देश के व्यस्त एयरपोर्टों में शामिल है, जहां सीमित क्षेत्रफल के बावजूद लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में पैरलल टैक्सी ट्रैक का पूर्ण उपयोग एयरपोर्ट की परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे भविष्य में उड़ानों की संख्या बढ़ाने और यात्रियों को तेज व बेहतर हवाई सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
पटना एयरपोर्ट के डायरेक्टर सीपी द्विवेदी ने बताया कि भूमि हस्तांतरण और उपकरणों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी। इसके बाद टैक्सी ट्रैक का संचालन पूरी क्षमता के साथ शुरू किया जाएगा। वहीं बियाडा की भूमि पर जल्द ही चारदिवारी निर्माण का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)
