पटना। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बिहार की ओर से रविवार को अरण्य भवन, पटना में इकोटूरिज्म विकास को लेकर निवेशकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विभाग के अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने की। कार्यक्रम में पर्यटन, होटल, इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों एवं निवेशकों ने भाग लिया।
बैठक में बिहार में इकोटूरिज्म की अपार संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा राज्य में विश्वस्तरीय पर्यटन अवसंरचना विकसित करने की दिशा में विचार-विमर्श हुआ। विभाग की ओर से बताया गया कि भीमबांध परियोजना का आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) पहले ही सार्वजनिक डोमेन में जारी किया जा चुका है। इसके साथ ही विभाग ने ईओआई (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) भी जारी किया है, जिसमें 27 लेक साइट्स और 247 तालाब एवं झील स्थलों को चिन्हित किया गया है।

अपर मुख्य सचिव आनंद किशोर ने कहा कि विभाग इन स्थलों पर निजी निवेशकों को आमंत्रित कर रहा है, ताकि बड़े पैमाने पर इकोटूरिज्म परियोजनाओं का विकास किया जा सके। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं को “बिल्ड, ऑपरेट एंड ट्रांसफर” मॉडल के तहत विकसित किया जाएगा और आधुनिक सुविधाओं के साथ विश्वस्तरीय पर्यटन ढांचा तैयार किया जाएगा।
बैठक का मुख्य उद्देश्य हाल ही में अपलोड किए गए आरएफपी एवं ईओआई के संबंध में निवेशकों और संबंधित पक्षों को विस्तृत जानकारी देना था। साथ ही आगामी 9 जून को आयोजित होने वाली निवेशक बैठक के लिए उद्योग संगठनों, चैंबर ऑफ कॉमर्स, Confederation of Indian Industry तथा बड़े निवेशकों को आमंत्रित करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। विभाग ने निजी निवेशकों से बिहार में इकोटूरिज्म विकास में सक्रिय सहयोग की अपील की।
बैठक में Bihar Industries Association के सेक्रेटरी अनिल कुमार, सीकेसीपीएल आर्किटेक्ट्स के डायरेक्टर शोभित राज, बिहार होटल्स के सीनियर एडवाइजर एसपी सिन्हा, Hotel Maurya की वाइस प्रेसिडेंट ऋचा सिन्हा, बीएआई के स्टेट चेयरमैन मणिकांत और Lemon Tree Hotel से जुड़े मनीष कुमार सहित करीब 25 निवेशकों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर Bihar State Tourism Development Corporation के प्रबंध निदेशक नंद किशोर, विशेष सचिव आलोक कुमार, सीसीएफ अमित, बिहार इकोटूरिज्म डेवलपमेंट सोसाइटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नेशामणि, मुख्यालय निदेशक सत्यजीत कुमार और पटना जू के निदेशक हेमंत पाटिल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)
