Bihar News: उज्ज्वला योजना के नाम पर बड़े खेल का भंडाफोड़, औरंगाबाद में 105 गैस सिलेंडर व 90 पासबुक जब्त

  • औरंगाबाद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी का खुलासा, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

औरंगाबाद। Aurangabad में उज्ज्वला योजना के नाम पर चल रहे एलपीजी गैस कालाबाजारी के बड़े खेल का जिला प्रशासन ने भंडाफोड़ किया है। प्रशासनिक टीम ने कुटुम्बा प्रखंड के रिसियप थाना क्षेत्र स्थित पहरा गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर, पासबुक और रिफिलिंग उपकरण बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध गैस कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

एलपीजी गैस कालाबाजारी

रिफिलिंग की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार

जानकारी के अनुसार, घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और जमाखोरी की सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में 105 भरे हुए गैस सिलेंडर, 90 गैस कनेक्शन पासबुक, 6 उज्ज्वला योजना के गैस चूल्हे, एक रिफिलिंग नोजल पाइप और इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन जब्त की गई।

हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी गैस कारोबारी विकास कुमार सिंह मौके से फरार हो गया।

घर को बना रखा था फर्जी गैस एजेंसी जैसा केंद्र

एसडीओ संतन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपने घर की दुकान को गैस एजेंसी जैसा रूप दे रखा था। दुकान में गैस रिफिलिंग से जुड़े उपकरण, पाइप, चूल्हे और वजन मशीन रखे गए थे, जबकि घर के अंदर बड़ी संख्या में भरे हुए गैस सिलेंडर जमा किए गए थे।

प्रशासन को आशंका है कि इस अवैध कारोबार में किसी गैस एजेंसी या अंदरूनी नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। इसी एंगल से मामले की गहन जांच की जा रही है।

रिसियप थाना में प्राथमिकी दर्ज

प्रशासन ने मौके से बरामद सभी सामान को जब्त कर रिसियप थाना पहुंचाया। प्राथमिक जांच में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग और बड़े पैमाने पर भंडारण के प्रमाण मिले हैं। मामले में विकास Kumar Singh के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गैस कालाबाजारियों को प्रशासन की सख्त चेतावनी

जिला प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग, जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग केवल निर्धारित कार्यों के लिए करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।

जिले में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है गैस

जिला प्रशासन ने यह भी कहा कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग करने की अपील की गई है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *