- महिला अपहर्ता की निशानदेही पर औरंगाबाद पुलिस को बड़ी सफलता
औरंगाबाद। Aurangabad में चार वर्षीय आदविक अपहरण मामले की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार महिला अपहर्ता की निशानदेही पर चार साल पहले अगवा किए गए एक और मासूम शिवम को सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्चे की बरामदगी के बाद उसके परिवार में चार साल बाद खुशियां लौट आई हैं।

वट सावित्री पूजा के दिन हुआ था अपहरण
जानकारी के अनुसार, चार साल पहले वट सावित्री पूजा के दिन ओबरा स्थित देवी मंदिर परिसर से चार वर्षीय शिवम पांडेय का अपहरण कर लिया गया था। हैरानी की बात यह है कि हाल ही में 16 मई को चार वर्षीय आदविक का भी उसी इलाके से अपहरण किया गया था।
शिवम अपहरण मामले में पुलिस को लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिला था, जिससे परिवार पूरी तरह निराश हो चुका था। लेकिन आदविक अपहरण केस में गिरफ्तार महिला अपहर्ता से पूछताछ के दौरान पुराने मामले का भी खुलासा हो गया।
महिला अपहर्ता के खुलासे से मिला शिवम
दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि आदविक किडनैपिंग केस में गिरफ्तार महिला की निशानदेही पर दो अन्य अगवा बच्चों को भी बरामद किया गया, जिनमें ओबरा से चार साल पहले गायब हुआ शिवम भी शामिल है।

चार साल पहले अगवा हुआ शिवम अब आठ साल का हो चुका है। पुलिस ने डीएनए वेरिफिकेशन और परिजनों की पहचान के बाद शिवम को उसके पिता अनूप पांडेय को सौंप दिया।
बेटे को देखकर भावुक हुआ परिवार
चार साल बाद बेटे को वापस पाकर पिता अनूप पांडेय भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि परिवार ने शिवम के लौटने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की कार्रवाई से उनका बेटा वापस मिल गया।
परिजनों ने कहा कि आदविक अपहरण केस की जांच ने उनके परिवार की जिंदगी बदल दी। बेटे की सकुशल वापसी से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई की हो रही सराहना
इस मामले में औरंगाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच की सराहना की जा रही है। पुलिस अब महिला अपहर्ता से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित मामलों की जांच में जुटी है।
