कुटुम्बा प्रखंड के भखरा गांव में भीषण चोरी, लाखो की संपत्ति ले उड़े चोर

औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा प्रखंड अंतर्गत भखरा गांव में बुधवार रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। खबर के अनुसार, गांव निवासी अमरेंद्र कुमार सिंह के घर में चोरों ने धावा बोलकर करीब 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली। चोरी गए सामान में नगदी, सोने-चांदी के जेवर, महत्वपूर्ण कागजात और अटैची शामिल बताए जा रहे हैं।

खबर विस्तार से

कुटुंबा प्रखंड क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। अंबा चौक के समीप कुछ दिनों पूर्व हुई करोड़ों रुपए की चोरी का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि चोरों ने बुधवार की रात एक और बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। इस बार चोरों ने अंबा थाना क्षेत्र के भखरा गांव निवासी अमरेंद्र कुमार सिंह के घर को निशाना बनाया और लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण सहित एक लाख रुपए नकद उड़ा लिए। एक के बाद एक हो रही वारदातों से स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित गृहस्वामी अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि वारदात के वक्त परिवार के सभी सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। देर रात चोर घर के पीछे के हिस्से से छत पर चढ़ गए। इसके बाद वे सीढ़ी के सहारे आंगन में दाखिल हुए। चोरों ने उस कमरे का ताला तोड़ा जिसमें कीमती सामान रखा था। अलमारी को तोड़कर उसमें रखे करीब 15 से 20 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के गहने और एक लाख रुपए कैश निकाल लिए। घटना का पता गुरुवार की सुबह तब चला जब परिजनों की नींद खुली। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से खुला हुआ था। कमरे में जाकर देखने पर अलमारी टूटी मिली और सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। गहने और नकदी गायब देखकर परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना डायल 112 की पुलिस टीम को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। जांच के दौरान गांव से करीब 500 मीटर दूर धनीवार जाने वाले रास्ते पर पीड़ित के घर के खाली बक्से, अटैची और अन्य सामान बरामद हुए। चोर कीमती सामान निकालकर बक्से वहीं फेंक कर फरार हो गए थे।गृहस्वामी ने आशंका जताई है कि इस घटना में किसी स्थानीय व्यक्ति या रेकी करने वाले का हाथ हो सकता है। चोरों को सटीक जानकारी थी कि किस कमरे में और किस अलमारी में जेवरात व नकदी रखी हुई है। चोरों ने सीधे उसी कमरे को निशाना बनाया। मामले को लेकर अंबा थाना अध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि चोरी की लिखित शिकायत मिली है। पुलिस टीम घटनास्थल का मुआयना कर चुकी है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय लोगों में घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *