भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय को स्टेज शो के दौरान इस जगह पर लगी गोली, पटना में चल रहा इलाज

  • सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हर्ष फायरिंग में भोजपुरी गायिका को लगी गोली
  • पैर में गोली लगने से अचेत निशा उपाध्याय का पटना के निजी अस्पताल में चल रहा है इलाज
  • डाक्टर ने आपपरेशन कर गोली निकाली, स्थानीय थाने को नहीं है कोई जानकारी
  • सारण जिले के सेंदुआर गांव में उपनयन संस्कार में आयोजित कार्यक्रम में पहुंची थी भोजपुरी गायिका

पटना। सारण जिला के जनता बाजार थाना अंतर्गत सेंदुआर गांव में उपनयन संस्कार में कार्यक्रम देने पहुंची भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय को मंगलवार की रात को गोली लग गई। पैर में गोली लगते हैं कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।

पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय।

आनन-फानन में उन्हें निजी वाहन से उनके सहयोगी सीधे पटना ले गए और वहीं पर एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। डाक्टर ने पैर से गोली निकाल दिया है। हालांकि इस घटना को लेकर स्थानीय पुलिस को कोई जानकारी नहीं है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक सेदुआर गांव के रहने वाले वीरेंद्र सिंह के घर में उपनयन संस्कार का कार्यक्रम मंगलवार को आयोजित किया गया था। उसी कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था। उसमें शिरकत करने के लिए भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय पहुंची हुई थी।

बताया जाता है कि रात में कार्यक्रम चल रहा था। इसी बीच गांव का एक युवक हाथ में कट्टा लहराते हुए हर्ष फायरिंग कर दिया। हर्ष फायरिंग करते ही गोली भोजपुरी गायिका के पैर में लग गई, जिससे वह अचेत होकर गिर गई। इसके बाद आनन-फानन में उन्हें उनके सहयोगी निजी वहां से पटना लेकर चले गए।

इस घटना के संबंध में थाना से जब जानकारी ली गई तो सेंदुआर गांव के चौकीदार विनोद कुमार ने जानकारी प्राप्त की और बताया कि गांव के वीरेंद्र सिंह के घर पर उपनयन संस्कार में हर्ष फायरिंग के दौरान निशा उपाध्याय के पैर में गोली लगी है।

इस संबंध में पूछे जाने पर जनता बाजार के प्रभारी थानाध्यक्ष नसरुद्दीन खा ने बताया कि थाने को इस बाबत कोई सूचना नहीं दी गई है। अभी जानकारी मिलने पर इसकी तहकीकात की जा रही है।