प्रारंभिक शिक्षक संघ ने फूंका मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला

मांगे पूरी ना होने पर आगामी चुनाव में सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे

अम्बा (औरंगाबाद)। बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ प्रखंड इकाई कुटुंबा ने बुधवार को प्रखंड मुख्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका और बिहार सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के निर्णय के आलोक में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया है। उन्होंने बताया कि अध्यापक नियुक्ति नियमावली 2023 में पूर्व से कार्यरत सभी नियोजित शिक्षकों को बिना शर्त सामंजित करने को लेकर शिक्षक आंदोलनरत है। शिक्षकों की मांग है कि इन्हें राज्यकर्मी का दर्जा देते हुए पुरानी पेंशन लागू किया जाए। यदि सभी नियोजित शिक्षकों को राज्य कर्मी का दर्जा नहीं दिया गया तो सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे और 2024 एवं 2025 में सबक सिखा दिया जाएगा। इस अवसर पर सचिव नितेश कुमार सिन्हा, निर्भय कुमार सिंह, नरेंद्र कुमार नन्द, किशोर सिन्हा, अवधेश प्रसाद, विकास कुमार विश्वास, मयंक भूषण पांडेय, मनोज कुमार, बदे आलम, कमर अहमद, कुंदन कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, संजय कुमार, सुनील मिश्र, पंकज कुमार, रामरतन सिंह समेत सैकड़ों शिक्षक उपस्थित थे।