औरंगाबाद : Aurangabad के उचौली स्थित Indian Bank शाखा परिसर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बैंक में तैनात सुरक्षा गार्ड द्वारा हथियार की सफाई के दौरान अचानक गोली चल गई, जिसकी चपेट में आने से एक बैंककर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान माधोखाप गांव निवासी राजेन्द्र पासवान के रूप में हुई है। वे बैंक में लोन रिकवरी एजेंट के तौर पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे बैंक खुलने के दौरान सुरक्षा गार्ड अपनी बंदूक की सफाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक गोली चल गई और पास में मौजूद राजेन्द्र पासवान को जा लगी।
गोली लगते ही राजेन्द्र पासवान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद बैंक कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह मामला लापरवाही से गोली चलने का बताया जा रहा है। पुलिस सुरक्षा गार्ड से पूछताछ कर रही है और हथियार को कब्जे में ले लिया गया है।
इस घटना के बाद बैंक कर्मियों और मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं, इलाके में भी घटना को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।
