- छह दशक बाद तमिलनाडु में गैर-द्रविड़ सरकार, विजय बोले- “सत्ता का एकमात्र केंद्र मैं”
चेन्नई: चेन्नई में रविवार को तमिलनाडु की राजनीति ने एक नया मोड़ लिया, जब लोकप्रिय अभिनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। लगभग छह दशक बाद राज्य में किसी गैर-द्रविड़ दल की सरकार बनी है। विजय के नेतृत्व में बनी नई सरकार को तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विजय को फोन कर बधाई दी और कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु के विकास तथा लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।
शपथ ग्रहण समारोह में दिखा नया अंदाज
चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके साथ टीवीके के नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली।
समारोह की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह छंदों के गायन से हुई। बताया जा रहा है कि तमिलनाडु में किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में पहली बार ऐसा हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान और तमिल राज्य गीत प्रस्तुत किया गया।
शपथ के दौरान राज्यपाल ने टोका
शपथ लेते समय विजय ने निर्धारित प्रारूप से हटकर जनता और संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताने वाला वक्तव्य देना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे ईमानदारी, कानून के शासन और सामाजिक सद्भाव के लिए काम करेंगे। हालांकि राज्यपाल ने उन्हें आधिकारिक प्रारूप तक सीमित रहने को कहा, जिसके बाद विजय ने लिखित शपथ पढ़ी।
मुख्यमंत्री बनते ही तीन बड़े फैसले
मुख्यमंत्री पद संभालते ही विजय ने कई अहम घोषणाएं कीं। उनका पहला बड़ा फैसला घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का रहा। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाने और राज्यभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एंटी-ड्रग यूनिट स्थापित करने के आदेश भी जारी किए गए।
राहुल गांधी और फिल्मी सितारे रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, अभिनेता विजय के माता-पिता और कई फिल्मी हस्तियां शामिल हुईं। अभिनेत्री तृषा कृष्णन की मौजूदगी खास चर्चा में रही। वहीं विजय की पत्नी और बच्चों की अनुपस्थिति सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी रही।
पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और AIADMK नेता के. पलानीस्वामी समारोह में शामिल नहीं हुए।
“मैं किसी शाही परिवार से नहीं आता” — विजय
शपथ ग्रहण के बाद अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि उनकी सरकार में सत्ता का केवल एक ही केंद्र होगा। उन्होंने खुद को आम पृष्ठभूमि से आने वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनकी सरकार सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और पारदर्शिता के नए युग की शुरुआत करेगी।
उन्होंने कहा, “मैं किसी शाही परिवार से नहीं आता। मैं आपमें से ही एक हूं। यह नई शुरुआत है।”
तमिलनाडु में पहली बार चुनाव बाद गठबंधन
विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला, जिसके बाद अन्य दलों के समर्थन से सरकार बनी। तमिलनाडु की राजनीति में यह पहली बार हुआ है जब चुनाव के बाद गठबंधन कर सरकार बनाई गई हो।
तिरुचिरापल्ली सीट से दिया इस्तीफा
हालिया विधानसभा चुनाव में दो सीटों से जीत दर्ज करने वाले विजय ने मुख्यमंत्री बनने से पहले तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट से इस्तीफा देकर पेरंबूर सीट अपने पास रखी।
पारंपरिक पोशाक से अलग दिखे विजय
शपथ ग्रहण समारोह में विजय का पहनावा भी चर्चा में रहा। आमतौर पर सफेद शर्ट और साधारण परिधान में नजर आने वाले विजय इस बार कोट-पैंट में दिखाई दिए। उनके अधिकांश मंत्रियों ने भी पारंपरिक सफेद धोती-कमीज के बजाय आधुनिक परिधान पहने, जो तमिलनाडु की राजनीतिक परंपरा से अलग नजर आया।
(आप हमें Facebook, X, Instagram और Youtube पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. Whatsapp channel से जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)
