NH-139 पर पुलिस की दोहरी कार्रवाई, 316.8 लीटर शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार


अंबा, औरंगाबाद : शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में अंबा और रिसियप थाना पुलिस ने एनएच-139 पर बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग छापेमारी में पुलिस ने कुल 316.8 लीटर देसी और विदेशी शराब बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। शराब ढुलाई में इस्तेमाल ऑटो और होंडा सिटी कार भी जब्त की गई है।

पहली कार्रवाई अंबा थाना पुलिस ने की। मंगलवार को जनता कॉलेज के समीप वाहन जांच के दौरान एक बजाज आरई सीएनजी ऑटो को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ऑटो से 200 एमएल की छबिली डीलक्स शराब की 184 बोतलें बरामद हुईं, जिसकी कुल मात्रा 36.8 लीटर है। मौके से रोहतास जिले के अकोढ़ीगोला थाना के करकटपुर निवासी उपेंद्र राम (38) को गिरफ्तार किया गया।

दूसरी कार्रवाई रिसियप थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की। पुलिस ने दोमुहान पुल के पास घेराबंदी कर एक होंडा सिटी कार को पकड़ा। कार की तलाशी में 35 कार्टन झारखंड निर्मित छबिली ब्रांड की शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा करीब 280 लीटर है। इस मामले में जम्होर निवासी अंकित कुमार और सोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों तस्कर झारखंड से शराब लाकर औरंगाबाद क्षेत्र में खपाने वाले नेटवर्क से जुड़े हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *