कुटुंबा (औरंगाबाद)। कुटुंबा थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव में गुरुवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर और ईको वैन में आग लगा दी। आग से दोनों वाहनों के इंजन समेत अन्य हिस्सों को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, बंदुआ निवासी रामजी पासवान का ट्रैक्टर और शंकर पासवान की ईको वैन घर के बाहर खड़ी थी। रात करीब एक बजे वाहनों में आग लगने के बाद उठता काला धुआं घर में भरने लगा। दम घुटने और बदबू से परिजनों की नींद खुली तो बाहर निकलकर दोनों वाहनों को धू-धू कर जलते देखा।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
शंकर पासवान ने बताया कि ईको वैन को स्कूल वाहन के रूप में चलाकर परिवार की आजीविका चलती थी। वाहन जल जाने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, रामजी पासवान ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आग जानबूझकर लगाई गई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
