बीस सूत्री कार्यक्रम की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

बीस सूत्री की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, जनसमस्याओं के समाधान पर जोर

कुटुंबा प्रखंड मुख्यालय स्थित बहुद्देशीय भवन में शनिवार को बीस सूत्री क्रियान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अध्यक्ष ने सभी विभागीय पदाधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट मांगी गई। समिति सदस्यों ने आरोप लगाया कि विकास योजनाओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही राशि का समुचित उपयोग नहीं हो रहा है, जिससे कई गांव अब भी नाली, गली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। सदस्यों ने यह भी कहा कि कई योजनाओं का चयन ग्राम सभा और आम सभा के बजाय व्यक्तिगत हितों एवं कथित कमीशनखोरी के आधार पर किया जा रहा है। इस पर समिति ने पंचायतों में आयोजित ग्राम सभा एवं आम सभा की निगरानी करने का निर्णय लिया।
बैठक में षष्ठम एवं 16वीं वित्त आयोग से संचालित योजनाओं की पंचायतवार सूची उपलब्ध कराने की मांग की गई। जन वितरण प्रणाली की समीक्षा के दौरान कुछ राशन विक्रेताओं पर प्रति यूनिट एक किलो राशन कम देने का आरोप लगाया गया। समिति ने दोषी डीलरों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा नए राशन कार्ड बनाने में हो रही कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की। अंचल कार्यालय में लंबित परिमार्जन और मोटेशन मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा राजस्व कर्मचारियों के माध्यम से कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की भी मांग उठी। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की समीक्षा के दौरान पंचायतों में कचरा प्रबंधन व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में अंबा बाजार में सार्वजनिक शौचालय निर्माण, नल-जल योजना के तहत समयानुसार जलापूर्ति, बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या के समाधान, एनएच-139 के दोनों ओर नालियों के पुनर्निर्माण तथा सड़क किनारे मीट-मछली दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा फार्मर आईडी, कझपा स्वास्थ्य उपकेंद्र तक पहुंच मार्ग, निरंजनपुर विद्यालय में अतिरिक्त भवन निर्माण और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, प्रमुख धर्मेंद्र कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियांशु बसु, अंचल अधिकारी चंद्र प्रकाश, प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रणविजय कुमार, मनरेगा पीओ अवधेश अनिल, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, बीस सूत्री समिति के सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *