पटना के अटल पथ पर बेकाबू स्कॉर्पियो का कहर, दो की मौत; चार घायल

  • 80 मीटर तक पलटते हुए गई गाड़ी, दुर्गा पूजा का मेला देखकर लौट रहे किशोरों को रौंदा; स्कॉर्पियो पर लगा था जदयू का झंडा

पटना: राजधानी पटना के अटल पथ पर रविवार की रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद अनियंत्रित स्कॉर्पियो पलटते हुए करीब 80 मीटर दूर जाकर गिरी। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसा पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में महेश नगर के पास हुआ। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का झंडा लगा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। आरोप है कि चालक लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क से गुजर रहे लोगों को अपनी चपेट में लेता चला गया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर घायल लोग मदद के इंतजार में तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

दुर्गा पूजा का मेला देखकर लौट रहे थे सात युवक

घायल रणवीर कुमार ने बताया कि वे सात युवक दुर्गा पूजा का मेला देखकर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटते हुए उनकी ओर आई और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। रणवीर कुमार पटना के सहयोग अस्पताल के आइसीयू में भर्ती हैं।

सतेंद्र मिश्री ने बताया कि उनका बेटा दीपक कुमार राज रविवार शाम करीब 6:15 बजे घर से दुर्गा पूजा का मेला देखने निकला था। वह नौवीं कक्षा का छात्र था। हादसे की सूचना परिवार को रात करीब 11:45 बजे पाटलिपुत्र थाने से मिली। सूचना मिलते ही स्वजन अस्पताल पहुंचे।

पांच घायलों की पहचान, सड़क पर बिखरा सामान

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। करीब 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे घायल लोग पड़े मिले। स्कॉर्पियो के टूटे कांच और राहगीरों का सामान सड़क पर बिखरा था। स्थानीय लोगों ने घायलों को उठाने और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

घायल छह युवकों में रणवीर कुमार (15), मोहित कुमार (13), दीपक कुमार (14), पीयूष कुमार (15) और अमरजीत कुमार (14) की पहचान हुई है। एक अन्य घायल की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में दो युवकों की मौत की सूचना है। दो मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेजे जाने की जानकारी मिली है।

स्कॉर्पियो पर लगा था जदयू का झंडा

दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 01 JY 6754 बताया गया है। वाहन पर जदयू का झंडा लगा था। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के पीछे तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या अन्य वजहों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *