टेम्पो-मोटरसाइकिल से हो रही थी शराब की ढुलाई, विधि विरुद्ध किशोर भी पकड़ा गया; मोबाइल समेत वाहन जब्त
अंबा (औरंगाबाद)। कुटुंबा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 361.2 लीटर टनाका देशी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ एक विधि विरुद्ध किशोर को भी पकड़ा है। शराब तस्करी में प्रयुक्त टेम्पो, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, सोमवार की रात गुप्त सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई की गई। इस दौरान टेम्पो और दो मोटरसाइकिलों से कुल 287.7 लीटर टनाका देशी शराब बरामद हुई। मौके से इब्राहिमपुर निवासी अमित कुमार और श्रवण कुमार तथा पिपरी निवासी विकाश कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके साथ एक विधि विरुद्ध किशोर को भी पुलिस ने पकड़ा।
इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई ओडी बिगहा पक्की सड़क पर की गई। यहां एक मोटरसाइकिल पर रखी दो बोरियों की तलाशी लेने पर 73.5 लीटर टनाका शराब बरामद हुई। मौके से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस अब जब्त मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
थानाध्यक्ष चंद्रहास सिंह ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में संलिप्त लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
