16 बोरा डोड़ा लदा ट्रक पकड़ा गया, चालक गिरफ्तार

अंबा औरंगाबाद। ​अधीक्षक मध्य निषेध मनोज कुमार राय और निरीक्षक मद्य निषेध चंदन कुमार के निर्देश पर एरका चेक पोस्ट पर चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान मद्य निषेध विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने चेकिंग के दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक से भारी मात्रा में 16 बोरा डोडा (मादक पदार्थ) बरामद किया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व एएसआई अजय कुमार पासवान, कांस्टेबल कुंदन कुमार, विकास कुमार, गृहरक्षक राकेश कुमार एमटीएस मनिष कुमार सिंह, स्कैनर राजेश कुमार एवं उनकी टीम द्वारा किया गया।
​मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। पकड़े गए चालक की पहचान हरिपाल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले के मितौली थाना क्षेत्र के बलिया गांव का निवासी है। पूछताछ में चालक हरिपाल ने कबूल किया है कि वह मादक पदार्थ की यह खेप बंगाल से जमशेदपुर जाने वाली सड़क पर घाटी क्षेत्र से लेकर आ रहा था और इसे उत्तर प्रदेश की ओर ले जाने की फिराक में था। हालांकि, इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता, एरका चेक पोस्ट पर मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया।
​मद्य निषेध विभाग अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस हिरासत में लिए गए चालक से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि बरामद डोडा के मुख्य स्रोत, इसके अंतिम गंतव्य (डिलीवरी पॉइंट) और इस अंतरराज्यीय तस्करी के पीछे जुड़े अन्य बड़े चेहरों व तस्करों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्यवाही की गई है। जल्द ही इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *