पुलिस की 15 टीमों ने आसनसोल तक रेलवे स्टेशनों को छान मारा, तब जाकर गया से मिला औरंगाबाद के ओबरा से 4 वर्षीय अगवा बालक, महिला अपहर्ता गिरफ्तार

औरंगाबाद। औरंगाबाद के ओबरा से चार दिन पहले अगवा 4 वर्षीय बालक को पुलिस की 15 टीमों ने गयाजी से लेकर कोडरमा, धनबाद और आसनसोल तक के रेलवे स्टेशनों की खाक छानने के बाद मंगलवार को दोपहर सकुशल बरामद कर लिया।


गयाजी से बरामद हुआ अगवा बालक

मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने बताया कि 16 मई वट सावित्री पूजा के दौरान औरंगाबाद के ओबरा देवी मंदिर परिसर से 4 वर्षीय बालक आदविक पराशर को अगवा कर लिया गया था। बालक को गया से सकुशल बरामद करने के साथ ही अगवा करनेवाली महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Ig magadh

पुलिस की 15 टीमों ने रेलवे स्टेशनों की खाक छान बालक को किया सकुशल बरामद

आईजी विकास वैभव ने बताया कि मामले में बीएनएस की धारा-137(2)के तहत ओबरा थाना में प्राथमिकी संख्या-192/2026 दर्ज किए जाने के साथ ही उनके निर्देश पर औरंगाबाद के एसपी अंबरीश राहुल ने दाउदनगर के एसडीपीओ अशोक कुमार दास के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी। साथ ही बालक को सकुशल बरामद करने के लिए पुलिस की 15 अतिरिक्त टीमें लगाई गई थी।

औरंगाबाद के एसपी के नेतृत्व में पुलिस की अतिरिक्त टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के दौरान एक अज्ञात महिला को बच्चें को अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से ट्रेन से ले जाती दिखी। इसके बाद इन टीमों ने गया, कोडरमा, गोमो, धनबाद, आसनसोल तक रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सीसीटीवी फुटेज में गयाजी रेलवे स्टेशन पर महिला बच्चे के साथ दिखी। इसके बाद महिला डेल्हा बस स्टैंड पर टोटो से उतरकर खरखुरा रोड की ओर पैदल जाती दिखी।

सीसीटीवी फुटेज ट्रैकिंग से पता चला कि महिला डेल्हा के खुरखुरा रोड में एक प्राईवेट स्कूल के बगल में स्थित राकेश कुमार के घर में दाखिल हुई। इसके बाद गया और औरंगाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने खरखुरा रोड स्थित किराए के कमरे पर छापेमारी कर अपहृत आदविक को सकुशल बरामद करने के साथ ही आरोपी महिला को दबोंच लिया।

बालक को अगवा करने वाली गिरफ्तार महिला की पहचान गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के दुल्हाबिगहा निवासी रवींद्र पासवान की पत्नी रंजू देवी(40) के रूप में की गई है। वर्तमान में वह गयाजी के डेल्हा में खरखुरा रोड में किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस गिरफ्तार महिला से अन्य कांडों में संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है।

परिजनों को सौंपने की कानूनी औपचारिकता पूरी कर रही पुलिस

बरामद आदविक को सकुशल बरामद करने के बाद पुलिस उसे परिजनों को सौंपने की आवश्यक औपचारिकता पूरा करने में जुटी है। बालक को मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *