सड़क हादसे में वैक्सीन कुरियर घायल, प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर

अंबा (औरंगाबाद)।
अंबा थाना क्षेत्र के एरका कॉलोनी के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्वास्थ्य विभाग के एक वैक्सीन कुरियर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान अंबा थाना क्षेत्र के बलिया पंचायत अंतर्गत राजपरसा गांव निवासी 50 वर्षीय संतोष कुमार सिंह के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। ​मिली जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार सिंह प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह भी अपनी साइकिल से ड्यूटी के लिए पंचायत के नारायणपुर गांव जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-139 पर एरका कॉलोनी के समीप हरिहरगंज की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार बुलेट चालक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष कुमार सिंह साइकिल समेत करीब 50 मीटर दूर जा गिरे। ​घटना के तुरंत बाद बुलेट चालक मौके से तेजी से भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, बुलेट चालक शराब के नशे में धुत था और बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। घटना की सूचना मिलते ही अंबा थाना पुलिस की डायल 112 टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल कुरियर को उठाकर तत्काल रेफरल अस्पताल कुटुंबा पहुंचाया। ​चिकित्सकों ने अस्पताल में उनका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति चिंताजनक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इधर, पुलिस ने घटना की जानकारी घायल के परिजनों को दे दी है। अंबा थाना पुलिस फरार बुलेट चालक की पहचान करने और मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *