Bihar Crime: 50 हजार का ईनामी अंतर्राज्यीय अपराधी गिरफ्तार, यूपी-बिहार पुलिस को थी दर्जनभर मामलों में सरगर्मी से तलाश

औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद पुलिस को बुधवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने यूपी-बिहार में सक्रिय अंतर्राज्यीय 50 हजार के ईनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी सुजीत कुमार उर्फ गुड्डू कुमार यादव औरंगाबाद जिले के सिमरा थाना के अजनियां थाना गांव का निवासी है। बिहार और उत्तर प्रदेश की पुलिस उसे दर्जनभर मामलों में सरगर्मी से तलाश रही थी।

बाइक लूट के उद्भेदन के लिए छापेमारी में हुई ईनामी अपराधी की गिरफ्तारी

औरंगाबाद सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-1 सुशील कुमार ने बुधवार की शाम यहां बताया कि अम्बा थाना क्षेत्र में हथबोर के पास इसी साल 12 मार्च को बाइक सवार तीन अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर परता गांव निवासी राजीव रंजन को मारपीट कर बाइक, सोने के बना हनुमान जी का लॉकेट, मोबाईल एवं नगदी लूट ली थी। मामले में पीड़ित के लिखित आवेदन पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत अम्बा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन कर लूटकांड में संलिप्त अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी का निर्देश दिया था। मामले के उद्भेदन के लिए एसआईटी सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण एवं आसूचना संकलन के आधार पर लगातार सक्रिय थी। इसे लेकर की जा रही लगातार छापेमारी के दौरान बुधवार को पुलिस ने अम्बा थाना क्षेत्र में जीवा बिगहा पुल के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जिसका सत्यापन करने पर उसकी पहचान औरंगाबाद जिले के 50 हजार ईनामी अपराधी सुजीत कुमार उर्फ गुड्डु कुमार के रूप में की गई। साथ ही पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल भी बरामद किया। पहचान के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर अम्बा थाना लाया गया।

पूछताछ में गिरफ्तार अपराधी ने स्वीकार की बाइक लूटकांड में संलिप्तता

गिरफ्तारी के बाद अम्बा थाना में पूछताछ के दौरान सुजीत कुमार उर्फ गुड्डु कुमार ने अपना अपराध स्वीकार किया। कहा कि उसी ने ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हथबोर के पास बाइक लूटकांड को अंजाम दिया था। इस लूटकांड में पुलिस पहले ही एक अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेजा चुकी हैं। मामले में गिरफ्तार ईनामी अपराधी को भी पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कहा कि लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस जल्द ही उन्हे गिरफ्तार कर लेगी।

इन मामलों में बिहार-यूपी पुलिस को थी ईनामी अपराधी की सरगर्मी से तलाश

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार ईनामी अपराधी सुजीत का अच्छा-खासा आपराधिक इतिहास रहा है। उसे बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों की पुलिस दर्जनभर मामलों में सरगर्मी से तलाश रही थी। उस पर औरंगाबाद जिले के सिमरा थाना में कांड संख्या-07/15, कांड संख्या-26/2015, कांड संख्या-45/2019, कांड संख्या-28/17, कांड संख्या-04/20, उत्तर प्रदेश के चंदौली(मुगलसराय) में थाना कांड संख्या-126/19, औरंगाबाद मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या-232/21, कांड संख्या-180/21, गयाजी जिले के आमस थाना में कांड संख्या-65/22 एवं कांड संख्या-69/22 दर्ज हैं। सभी मामले लूट, छीनतई, मारपीट, रंगदारी, शस्त्र अधिनियम एवं शराब तस्करी से जुड़े है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *