UP Election: राहुल और प्रियंका गांधी ने जारी किया कांग्रेस का युवा घोषणा पत्र, 20 लाख नौकरियों समेत किए ये बड़े वादे

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना ‘युवा घोषणा पत्र’ जारी कर दिया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा इस मौके पर मौजूद थी। कांग्रेस ने इस मौके पर ‘मेरा जॉब मुझे मिलेगा…’ नामक गीत भी जारी किया।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘यह घोषणापत्र सिर्फ कांग्रेस की आवाज नहीं है। इसे बनाने के लिए उप्र के युवाओं से बात की है। उनके विचार इसमें डाले गए हैं।’’ उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को एक दृष्टिकोण की जरूरत है और यह दृष्टिकोण उन्हें सिर्फ कांग्रेस पार्टी दे सकती है।

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हम नफरत नहीं फैलाते हैं। हम लोगों को जोड़ने का काम करते हैं। हम युवाओं के जोश और शक्ति के साथ एक नया उत्तर प्रदेश बनाना चाहते हैं।’’

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद सरकार गठन के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन की परिस्थिति पैदा होने पर उनकी पार्टी इस पर विचार करेगी। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि अगर ऐसी किसी गठबंधन सरकार में कांग्रेस शामिल होगी तो उसकी एक शर्त युवाओं और महिलाओं से जुड़े अपने एजेंडे को लागू कराने की होगी।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए ‘भर्ती विधान: युवा घोषणापत्र’ जारी करते हुए प्रियंका ने एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की।

प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘भर्ती विधान को बनाने के लिए युवाओं से बात की गई। इसे भर्ती विधान इसलिए कहा गया है क्योंकि उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी समस्या भर्ती की है। युवा योग्य हैं, लेकिन उन्हें नौकरियां नहीं मिलती। बड़ी बड़ी घोषणएं होती हैं, लेकिन यह नहीं बताया जाता कि रोजगार कैसे दिए जाएंगे।’’

उन्होंने कहा कि भर्ती की प्रक्रिया को दुरुस्त किया जाएगा, आरक्षण संबंधी ‘घोटाले’ को रोकने का कड़ा प्रावधान होगा और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ के चुनावों को बहाल किया जाएगा।

उनसे सवाल किया गया कि क्या चुनाव के बाद जरूरत पड़ने पर कांग्रेस विपक्ष के गठबंधन में शामिल होगी? इसके जवाब में कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने कहा, ‘‘अगर ऐसी परिस्थिति आती है तो इस बारे में विचार किया जाएगा। अगर ऐसी परिस्थिति आई तो हम यह चाहेंगे कि जो हमारा एजेंडा युवाओं और महिलाएं के लिए है वो पूरा हो। यह हमारी एक शर्त होगी।’’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस की ओर से चेहरे के सवाल पर उन्होंने परोक्ष रूप से अपना हवाला देते हुए कहा, ‘‘क्या आपको कोई चेहरा नजर आ रहा है?’’ उन्होंने यह भी कहा कि उनके चुनाव लड़ने के बारे में फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है।

प्रियंका ने कहा, ‘‘अगर यह तय होगा तो आप लोगों को पता चल जाएगा।’’

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव सात चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को और सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान सात मार्च को होगा। 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे।

(आप हमें फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप व टेलीग्राम एप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)