अज्ञात ट्रक ने बाइक को रौंदा, मौके पर ही पिता-पुत्र की मौत

औरंगाबाद( लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो )। औरंगाबाद में अज्ञात ट्रक चपेट में आकर पिता-पुत्र की मौत हो गयी। हादसा दाउदनगर-नासरीगंज सोन पुल पर बुधवार की शाम हुआ। मृतक 55 वर्षीय सत्येंद्र सिंह एवं उनका पुत्र 32 वर्षीय प्रभाकर उर्फ बसंत कुमार भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र स्थित वरसी गांव के निवासी बताए जाते हैं। वो अपनी बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।

दाउदनगर-नासरीगंज सोन पुल के दक्षिणी लेन के पास तेज व अनियंत्रित गति से आ रही एक अज्ञात वाहन धक्का मार कर फरार हो गई। मौके पर पिता-पुत्र की मौत हो गई।

घटना के संबंध में रोहतास जिले के सूर्यपुरा थाना के श्रीकांतपुर निवासी राहुल कुमार द्वारा एक प्राथमिकी दाउदनगर थाना में दर्ज करायी गयी है। इसमें कहा गया है कि पिता- पुत्र बाइक से ओबरा के अधौरा घाट से वापस अपने घर लौट रहे थे। पीछे से दूसरी बाइक से वह भी लौट रहा था। इसी दौरान दाउदनगर नासरीगंज पुल के दक्षिण लेन के पास एक अज्ञात ट्रक ने बाइक को रौंद दिया। पुलिस ने मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है।