औरंगाबाद में ऑटो पर पलटा अनियंत्रित ट्रक, 3 की मौत, 7 घायल

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। औरंगाबाद मुफस्सिल थाना क्षेत्र में देव मोड़ के पास सवारियों से भरे एक ऑटो पर प्याज से लदे एक ट्रक के पलट जाने से घटनास्थल पर ही 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो महिला एवं एक मासूम बच्ची शामिल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार औरंगाबाद से एक ऑटो सवारियों को लेकर गया की तरफ जा रहा था।

इसी क्रम में ऑटो चालक देव मोड़ के समीप ऑटो रोककर सवारी ले रहा था, तभी औरंगाबाद से जा रहा एक ट्रक ऑटो पर अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो पर ट्रक के पलटने से घटना स्थल पर 3 लोगों की मौत हो गयी। हादसे में 7 लोगों के घायल होने की सूचना है। इसमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद लाया गया है।

मृतकों में ओबरा थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी पिंकी देवी, गया जिला के कोच थाना क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी शैलेश कुमार की पत्नी मंजू देवी एवं इनकी 4 वर्षीय पुत्री शामिल है। एसपी सुधीर कुमार पोरेका ने घटना की पुष्टि की है। घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल एवं देव थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू किया।