परिवार गया था बोकारो, पीछे से घर में घुसे चोर; 10 लाख के गहने व नकदी समेत सामान पार

मुडीला में फिर चोरी से दहशत, 24 दिन पहले तीन मंदिरों से चोरी हुई थीं पीतल की घंटियां; अब तक नहीं हुआ पर्दाफाश

अंबा (औरंगाबाद)। कुटुंबा थाना क्षेत्र के मुडीला गांव में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। गृहस्वामी अजय कुमार सिंह अपनी पत्नी का जन्मदिन मनाने परिवार के साथ बोकारो गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, दो लाख रुपये नकद समेत महंगे इलेक्ट्रिक सामान को क्षतिग्रस्त कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

परिवार के वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। घर में चोरी की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर कुटुंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने घर के अंदर और आसपास के स्थानों से चोरी से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया।

24 दिन पहले तीन मंदिरों में भी हुई थी चोरी

मुडीला गांव में चोरी की यह घटना ऐसे समय हुई है, जब करीब 24 दिन पहले, चार सितंबर को, गांव के तीन मंदिरों से पीतल की घंटियां चोरी कर ली गई थीं। उस मामले का भी अब तक पुलिस पर्दाफाश नहीं कर सकी है। लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चोरी के संबंध में आवश्यक सुराग जुटाए जा रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *