दीया जलाकर लौट रही महिला को बाइक ने रौंदा, मौत – आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-139 किया जाम

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में महिला की मौत


अंबा, औरंगाबाद : दीपावली की खुशियां बभंडी गांव में उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दीया जलाकर घर लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई।

मृतका की पहचान बभंडी खेल मैदान निवासी सुनील प्रजापति की पत्नी संजू देवी (32) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम वह दीपावली का दीया जलाकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान एनएच-139 पार करने के दौरान औरंगाबाद की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

संजू देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे 14 वर्षीय पुत्री सुगंधा कुमारी और 10 वर्षीय पुत्र शिवम को छोड़ गई हैं। दीपावली के त्योहार पर मां की असामयिक मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार सुबह शव को एनएच-139 पर रखकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और दोषी बाइक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना पर अंबा थानाध्यक्ष पवन कुमार और कुटुंबा थानाध्यक्ष चंद्रहास सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर सरकारी प्रावधानों के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *