पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक अक्टूबर से शुरू होकर 21 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। अभ्यर्थी निर्धारित वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में होगी। इसमें कुल 150 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। पुस्तकालय विज्ञान से 100 अंक और सामान्य ज्ञान से 50 अंक के प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। परीक्षा की अवधि 150 मिनट यानी ढाई घंटे निर्धारित की गई है। परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
स्नातक और पुस्तकालय विज्ञान की डिग्री अनिवार्य
पात्रता परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का बिहार का निवासी होना जरूरी है। अभ्यर्थी के पास 45 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री और मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से पुस्तकालय विज्ञान में स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। निर्धारित वर्गों के अभ्यर्थियों को न्यूनतम अंक में पांच प्रतिशत तक छूट दी जाएगी। सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को उम्र सीमा में 10 वर्ष की छूट का प्रावधान किया गया है।
परीक्षा का पाठ्यक्रम राज्य के मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों में पुस्तकालय विज्ञान की स्नातक डिग्री के लिए लागू पाठ्यक्रम के अनुरूप होगा।
वर्गवार न्यूनतम अर्हता अंक
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हता अंक 50 प्रतिशत, पिछड़ा वर्ग के लिए 45.5 प्रतिशत, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 42.5 प्रतिशत निर्धारित है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हता अंक 40 प्रतिशत रहेगा।
आवेदन वेबसाइट: sletregistration.cbrt.co.in
आवेदन अवधि: 1 से 21 अक्टूबर 2026
परीक्षा मोड: CBT
कुल अंक: 150
समय: 150 मिनट
नेगेटिव मार्किंग: नहीं
