India News : बिहार में संपन्न हुआ I. N. D. I. A.  का देश का पहला कार्यकर्ता सम्मेलन, नेताओं ने किया NDA व मोदी को उखाड़ फेंकने का आह्वान

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज 18 ब्यूरो)। देश की राजनीति में भाजपा और नरेंद्र मोदी के खिलाफ बने विपक्षी दलों के नये गठबंधन I. N. D. I. A. (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलायंस) का देश का पहला कार्यकर्ता सम्मेलन रविवार को बिहार में संपन्न हो गया।

औरंगाबाद के ओबरा में आयोजित विद्यानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से नेताओं ने भाजपा नीत NDA और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया तो कार्यकर्ताओं ने भी इसे पूरा कर दिखाने का संकल्प लिया।

ग्रासरूट पर पहुंचा दिखा INDIA Alliance

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के पहल पर भाजपा विरोधी दलों को एकजुट करने की कवायद अब INDIA गठबंधन का शक्ल ले चुकी है। गठबंधन को जमीनी स्तर पर उतारने की अभी योजना भी नही बनी है और न ही  अभी दायित्वों का ही बंटवारा हुआ है। इसके बावजूद यह गठबंधन बिहार के औरंगाबाद के  ओबरा में रविवार को जमीनी धरातल पर उतरा दिखा। अवसर था India गठबंधन के बैनर तले आयोजित घटक दलों के संयुक्त ओबरा विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का।

“India” का देश का पहला कार्यकर्ता सम्मेलन

चूंकि इस नये  गठबंधन का अभी देश में कही भी राष्ट्रीय, राज्य, जिला, लोकसभा या विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित नही हुआ है। इस कारण इसे “INDIA” का देश का पहला कार्यकर्ता सम्मेलन भी कहा जा सकता है। सम्मेलन में राष्ट्रीय या प्रदेश स्तर वे बड़े नेताओं की भागीदारी भले ही नही रही  लेकिन सम्मेलन में हर छोटे से लेकर बड़े नेता और कार्यकर्ता गठबंधन के भविष्य को लेकर उत्साहित दिखे। 

“India” के पहले कार्यकर्ता सम्मेलन का इन नेताओं ने किया उद्घाटन

बिहार के औरंगाबाद के ओबरा में आयोजित इंडिया गठबंधन के देश के पहले कहे जा सकने योग्य कार्यकर्ता सम्मेलन का उद्घाटन काराकाट के जेडीयू सांसद महाबलि सिंह, ओबरा के आरजेडी विधायक ऋषि कुमार, गोह के राजद विधायक भीम कुमार, जेडीयू के जिलाध्यक्ष व रफीगंज के पूर्व एमएलए अशोक कुमार सिंह, आरजेडी के जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुशवाहा एवं भाकपा माले के जिला सचिव मुनारिक राम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में सभी नेताओं ने नरेंद्र मोदी, भाजपा और एनडीए पर सीधा हमला बोला। कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने और भाजपा-एनडीए  को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।

भाजपा का नाश देशहित में जरूरी, कार्यकर्ताओं से भाजपा को उखाड़ फेंकने का आह्वान

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सभी प्रमुख वक्ताओं ने भाजपा को हटाना देश हित में जरूरी बताया। साथ ही  कार्यकर्ताओं से भाजपा, एनडीए और नरेंद्र मोदी को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। सम्मेलन  में बतौर मुख्य अतिथि काराकाट के सांसद महाबलि सिंह ने कहा कि भाजपा ने देश में  नफरत का माहौल बना दिया है। इसलिए शांति और अमन चैन के लिए भाजपा को हटाना देश हित में जरूरी है। कहा कि भाजपा की सारी नीतियां विभाजनकारी है। वही ओबरा के आरजेडी विधायक ऋषि कुमार ने कहा कि भाजपा झूठी और फरेबी पार्टी है। यह पार्टी फरेब कर सत्ता में आई है। सत्ता में आने से पहले नरेंद्र मोदी ने कहा था कि स्विस बैंकों में जमा कालाधन वापस लाएंगे और इसमें से हर भारतीय के खाते में 15 लाख भेजेंगे लेकिन उनकी बात जुमला निकली। इस वजह से फरेबी पार्टी को उखाड़ फेंकना है। वही गोह के राजद विधायक भीम कुमार ने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के हाथों को मजबूती देने और सांप्रदायिक ताकतों को शिकस्त देने के लिए भाजपा को केंद्र की सत्ता से बेदखल करना जरूरी है। इस जरूरी काम को हम इंडिया गठबंधन के लोग पूरा करेंगे। वही  जेडीयू के जिलाध्यक्ष व रफीगंज के पूर्व एमएलए अशोक कुमार सिंह ने कहा कि एक ओर सांप्रदायिक भाजपा का गठबंधन है। दूसरी ओर देश के सबसे विश्वसनीय हमारे नेता नीतीश कुमार के साथ का इंडिया गठबंधन है। देश की जनता विश्वसनीय नेता के गठबंधन को ही चुनेगी। कार्यक्रम में आरजेडी के जिलाध्यक्ष अमरेंद्र कुशवाहा  ने कहा कि पूरे दिल से इंडिया गठबंधन के लोग एकजुट है और आज यहां धरातल पर दिख रहा है। यह हमारे सफल होने का संकेत है और लोकसभा चुनाव में हमारे गठबंधन को सफलता अवश्य मिलेगी। वही भाकपा माले के जिला सचिव मुनारिक राम ने कहा कि वामपंथी दलों का एकमात्र लक्ष्य अभी नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना है। इसके लिए इंडिया  गठबंधन ही सक्षम है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जेडीयू के ओबरा प्रखंड अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम में ओबरा विधानसभा क्षेत्र से जेडीयू के प्रत्याशी रहे सुनील सिंह यादव, जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वनाथ सिंह, राजद के प्रदेश सचिव एहसानुल हक अंसारी, राजद नेता संजय यादव,  इंदल यादव, मुन्ना अजीज एवं नरेश यादव समेत कांग्रेस, जेडीयू, आरजेडी, माले एवं अन्य दलों के सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल रहे।