एनएच-139 पर 80 किलो गांजा बरामद, चेक पोस्ट तोड़कर भागे तस्कर
अंबा,(औरंगाबाद)।
एनएच-139 पर उत्पाद विभाग ने शुक्रवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा नंबर की एक कार से करीब 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया। हालांकि, चेक पोस्ट तोड़कर भाग रहे तस्कर पीछा किए जाने पर अम्बा बाजार के पास कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे झारखंड की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार ने एरका स्थित उत्पाद चेक पोस्ट को तेज रफ्तार में पार कर दिया। जांच दल के प्रभारी सह उत्पाद पदाधिकारी संजय रजक के नेतृत्व में टीम ने तत्काल वाहन का पीछा किया। घिरता देख तस्करों ने अम्बा बाजार के समीप कार सड़क किनारे छोड़ दी और चालक चाबी लेकर फरार हो गया।
कार की तलाशी में 39 सीलबंद पैकेटों में रखा गया करीब 80 किलो गांजा बरामद हुआ। पैकेट 10, 5 और 1 किलोग्राम के थे, जिन्हें पेशेवर तरीके से पैक किया गया था। उत्पाद विभाग ने गांजा और वाहन जब्त कर लिया है तथा फरार तस्करों और वाहन मालिक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां ले जाई जा रही थी।
