अंबा,औरंगाबाद। जिले में छात्र-छात्राओं की अपार आईडी निर्माण की धीमी प्रगति पर शिक्षा विभाग ने सख्ती दिखाई है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक एवं समग्र शिक्षा) संतोष कुमार ने सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को 20 जुलाई तक शत-प्रतिशत अपार आईडी तैयार करने का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा नहीं होने पर संबंधित प्रधानाध्यापक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। 17 जुलाई की समीक्षा में निजी विद्यालयों का प्रदर्शन बेहद कमजोर पाया गया। जिले के 388 निजी विद्यालयों में नामांकित 73,106 विद्यार्थियों में अब तक केवल 28,436 (38.9 प्रतिशत) की ही अपार आईडी बन सकी है। प्रखंडवार समीक्षा में औरंगाबाद 48.8 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है, जबकि गोह (23.1 प्रतिशत), मदनपुर (25.9 प्रतिशत) और कुटुंबा (31.3 प्रतिशत) सबसे पीछे हैं।
सरकारी विद्यालयों की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है। जिले के 2,300 सरकारी विद्यालयों में नामांकित 3.77 लाख से अधिक विद्यार्थियों में 73 प्रतिशत की अपार आईडी बन चुकी है। देव प्रखंड 84 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर है, जबकि गोह 64 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे है। कुटुंबा और मदनपुर में 76-76 प्रतिशत तथा औरंगाबाद में भी 76 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है।
डीपीओ ने निर्देश दिया है कि जिन विद्यार्थियों का आधार सत्यापित है, उनकी अपार आईडी 20 जुलाई तक हर हाल में तैयार की जाए। जिनका आधार सत्यापित नहीं है या आधार में त्रुटि है, उनका सत्यापन एवं अपडेट कराकर 30 जुलाई तक विशेष अभियान के तहत अपार आईडी बनाई जाए। इसके लिए सभी विद्यालयों में अपार सेचुरेशन कैंप आयोजित कर अभिभावकों को जागरूक करने और प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है।
