सिवान : सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी सोनू यादव को मुठभेड़ में मार गिराया। मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी गरजू यादव के पुत्र के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान उसे सीने में गोली लगी।

बताया जा रहा है कि सोनू यादव चार दिन पहले भाजपा नेता और एमएलसी मनोज सिंह के बहनोई और उनके भांजे हर्ष सिंह पर हुई फायरिंग की घटना में मुख्य आरोपी था। इस हमले में हर्ष सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि मनोज सिंह के बहनोई गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज पटना में जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल था और पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनू यादव अपने साथियों के साथ बड़हरिया इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। दबिश के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इसी दौरान सोनू यादव मारा गया।
इस मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी सुनील यादव को जामो थाना क्षेत्र के लद्दी बाजार से गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक कार भी बरामद की गई है। वहीं, इससे पहले दो दिन पूर्व छोटू यादव नामक अपराधी भी मुठभेड़ में घायल हुआ था, जिसे पैरों में गोली लगी थी और वह फिलहाल पटना में इलाजरत है।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम में अब तक तीन आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। एक बदमाश मारा गया है, एक घायल अवस्था में इलाजरत है और तीसरा गिरफ्तार किया गया है। अन्य फरार अपराधियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
