दिल का दौरा पड़ने से वरिष्ट कम्युनिस्ट नेता व जिला विधिक संघ के अध्यक्ष त्रिभूवन बाबू का निधन

औरंगाबाद(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता व जिला विधिक संघ के अध्यक्ष काॅमरेड त्रिभूवन सिंह की दिल का दौरा पड़ने से सोमवार शाम निधन हो गया। वे 80 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस लिए। परिजनों ने बताया कि वे हर रोज की तरह टहलकर घर लौटे। इस दौरान उनकी सांस अचानक तेज चलने लगी। जिसके बाद उन्हें घबराहट महसुस हुई। आनन-फानन में उन्हें डाॅ. रामाशीष सिंह की निजी क्लिनिक में ले जाया गया। जहां दिल के दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को उनके पैतृक गांव मदनपुर के पहरपुरा गांव में किया जाएगा।

त्रिभूवन बाबू औरंगाबाद भाजपा सांसद सुशील कुमार सिंह के फूफा थे। उनके निधन के खबर सुनकर शहर में राजनीतिक से लेकर अधिवक्ता समाज में शोक की लहर दौड़ गई। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की बिहार राज्य परिषद के वे सदस्य थे। पहले वे राज्य कार्यकारिणी के सदस्य, राज्य अनुशासन आयोग के पूर्व चेयरमेन, किसान सभा के पूर्व महासचिव, औरंगाबाद जिला भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव रहे। उनके निधन से जिले में शोक की लहर दौड़ गई हैं।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रभारी राज्य सचिव व पूर्व विधायक रामनरेश पांडेय ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि त्रिभुवन सिंह का निधन पार्टी के लिए बड़ी क्षति है जिसका निकट भविष्य में पूर्ति संभव नहीं हैं। वे किसानों के बड़े नेता व पूरे मगध में कम्युनिष्ट पार्टी के चेहरा थे।

ऑल इंडिया तंजीम ए इंसाफ के महासचिव इरफान अहमद फातमी ने त्रिभुवन सिंह के निधन पर गहरा शाेक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे अपने छात्र जीवन से हीं त्रिभुवन सिंह के प्रभाव में रहे। उनके मार्गदर्शन में वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी में आये और उनके साथ कदम से कदम मिलाकर आंदोलनों में हिस्सा लिया। इरफान ने कहा कि आज औरंगाबाद और पूरे मगध कि धरती ने अपना किसान नेता खो दिया। वे हमेशा गरीबों, वंचितों, मेहनतकशों की आवाज बनकर संर्घष करते रहे। आज उनके इस दुनिया से जाने के बाद महरूम महसूस कर रही है। इरफान अहमद ने बताया कि वे 1990, 1995 व 2000 में औरंगाबाद विधानसभा क्षेत्र से सीपीआई के उम्मीदवार रहे। 1995 में वे बहुत हीं कम अंतर से चुनाव नहीं जीत सके। बावजूद इसके वे हमेशा संघर्ष के मैदान में डटे रहे।

औरंगाबाद से भाजपा के सांसद सुशील कुमार सिंह ने त्रिभुवन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मेरे फूफाजी त्रिभुवन सिंह जी का आज अकस्मात निधन हो गया। वे वरिष्ठ वकील होने के साथ ही औरंगाबाद बार काउंसिल के वर्तमान अध्यक्ष और अपने विचारधारा के बड़े सम्मानित राजनेता भी थे। कल तक स्वस्थ दिख रहे फूफाजी का अचानक जाना परिवार के लिए बेहद पीड़ाजनक है। ईश्वर उन्हें सद्गति दें। ॐ शांति।।

औरंगाबाद से कांग्रेस के विधायक आनंद शंकर सिंह ने त्रिभुवन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में लिखा है- हमलोगों के अभिभावक,बार एसोसिएशन के अध्यक्ष त्रिभुवन बाबू की असामयिक मृत्यु बहुत ही दुःखद है। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें। ॐ शान्ति ॐ।

(Liveindianews18 को आप  फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं। आप हमें Google News पर भी फॉलो कर सकते हैं।)