नीतीश कुमार ने राज्यपाल को सौंपा 128 विधायकों के समर्थन का पत्र, सम्राट व विजय सिन्हा होंगे डिप्टी सीएम

पटना(लाइव इंडिया न्यूज18 ब्यूरो)। एनडीए के समर्थन से नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनने जा रही सरकार में सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा उपमुख्यमंत्री होंगे। नीतीश कुमार ने NDA के 128 विधायकों के समर्थन का पत्र राजभवन में राज्यपाल को सौंप दिया। आज शाम में पुनः नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

विधानसभा में सम्राट चौधरी भाजपा के नेता होंगे जबकि विजय सिंहा को विधानसभा में उपनेता बनाया गया है। बता दें एनडीए के समर्थन से बनने वाली नीतीश सरकार में सम्राट चौधरी और विजय सिंह उपमुख्यमंत्री का पद संभालेंगे।

बिहार में राजनीतिक ड्रामा का पटाक्षेप हो गया है। बिहार में कुछ दिनों से जो राजनीतिक कयास लगाए जा रहे थे वह क्लाइमेक्स पर पहुंच गया है, मुख्यमंत्री नीतीश राजभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को महागठधन समर्थित सरकार के समर्थन से बने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

राजभवन से इस्तीफा देकर बाहर निकले नीतीश कुमार ने रविवार को अपना इस्तीफा देने के बाद राजद और विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हमने पिछली बार जिन लोगों के साथ सरकार बनाई उनमें काम के क्रेडिट लेने की होड़ थी। हमने अपनी पार्टी की राय मानकर इस्तीफा दिया है। साथ ही महागठबंधन सरकार को खत्म कर दिया गया है। अब हम महागठबंधन से अलग हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इधर आकर महागठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। इसलिए हमने अब इनसे अलग होने का निर्णय लिया है।