नेपाल बाढ़ में अब तक 691 लोगों की मौत, 3 हजार से ज्यादा लापता; 108 भारतीय सुरक्षित बचाए गए

नई दिल्ली: नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से हालात गंभीर बने हुए हैं। बाढ़ से अब तक 691 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 हजार से अधिक लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। आपदा के बाद भारत ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।

भारत सरकार के राहत एवं बचाव प्रयासों के तहत अब तक 108 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। वहीं, पहले संपर्क से बाहर हुए करीब 50 भारतीय नागरिकों से दोबारा संपर्क स्थापित कर लिया गया है। चीन के रास्ते भी बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक सुरक्षित नेपाल की ओर पहुंच रहे हैं। पिछले दो दिनों में चीन से 598 भारतीय नागरिक सुरक्षित पहुंचे हैं, जबकि चीन की ओर करीब 900 भारतीय नागरिक सुरक्षित और संपर्क में हैं।

हालांकि, नेपाल में अभी भी 275 से अधिक भारतीय नागरिक और 128 भारतीय मूल के लोग लापता बताए जा रहे हैं। इन लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव दल लगातार अभियान चला रहे हैं।

नेपाल में बचाव अभियान के चौथे दिन सुरक्षाबलों और राहत दलों ने करीब 2,500 फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आपदा से प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के साथ ही लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम भी जारी है।

बचाव एवं राहत अभियान को गति देने के लिए नेपाल में 11 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। भारत की ओर से भी प्रभावित भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *