गया में नक्सलियों ने चार लोगों की गोली मारकर की हत्या, शव को पेड़ में लटकाया, घर को बम से उठाया

गया(रॉबिन्स कुमार)। गया के डुमरिया में नक्सलियों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। पुलिस मुखबिरी के शक में एक गांव के चार लोगों को नक्सलियों ने सरेआम फांसी पर लटका दिया है। इनमें दो महिला और दो पुरुष है। यह घटना गया जिले के डुमरिया प्रखंड के मनोआर क्षेत्र में हुई है। कल देर रात दो जगह नक्सलियों ने पहले बम विस्फोट किया और फिर चार लोगों को गोली मारने के बाद फांसी पर लटका दिया।

बताया जाता है कि 4 नक्सलियों की पिछले साल इसी गांव में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से मृतक परिवार पर नक्सलियों को बुलाकर पुलिस द्वारा उनकी हत्या करने का आरोप लगाया गया था। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल के लिए रवाना हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।

मारे गए लोगों में सतेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मनोरमा देवी और सुनीता सिंह शामिल हैं। माओवादियों ने पर्चा लगाकर कहा है कि जिसमें लिखा है कि इंसानियत के हत्यारे, गद्दारों और विश्वासघातियों को सजा ए मौत देने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है। ये उनके चार साथियों अमरेश, सीता, शिवपूजन और उदय की हत्या का बदला है। आगे भी ऐसी कार्रवाई चलती रहेगी। उन्हें जहर देकर साजिश का शिकार बनाया गया था।

घटनास्थल पर लगाया गया पर्चा जन मुक्ति छापाकार सेना, मध्य जोन झारखंड, भाकपा (माओवादी) के नाम से लगाया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत है। कोई भी इस विषय मे ज्यादा कुछ बताना नहीं चाह रहा। गया मुख्यालय से वरीय अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।

इस मामले पर एसएसपी आदित्य कुमार ने कहा, ‘नक्सलियों ने यह कायराना हरकत चुनाव में दबिश दिखाने के लिए की है। हत्या उसी जगह हुई है जहां चार नक्सली एनकाउंटर में मारे गए थे। पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान कर रही है।’

(आप हमें फ़ेसबुकट्विटरइंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप व टेलीग्राम एप पर जुड़ने के लिए यहां क्लिक करें. Google News पर फॉलो करने के लिए यहां क्लिक करें)