सुभासपा कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पटना आएंगे मंत्री ओमप्रकाश राजभर

पटना। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के एक दिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में शामिल होने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर बुधवार को पटना पहुंचेंगे। इस सम्मेलन में पार्टी संगठन के विस्तार और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते डॉ. शशि भूषण प्रसाद

यह जानकारी सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. शशि भूषण प्रसाद ने किदवईपुरी स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस को दी। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी को मजबूत करने और संगठन के विस्तार को लेकर प्रदेशभर से कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे।

डॉ. प्रसाद ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 46 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और अब संगठन को और सशक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दारोगा राय पथ स्थित श्रीकृष्ण चेतना परिषद के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।

सम्मेलन में सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री डॉ. अरविन्द राजभर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

डॉ. शशि भूषण प्रसाद ने पांच राज्यों के हालिया चुनाव परिणामों पर प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी नेतृत्व को बधाई दी तथा जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी आमजन की समस्याओं के समाधान और जनहित के मुद्दों पर मजबूती से कार्य करती रहेगी।